नई दिल्ली। दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित खेल आयोजन आज जापान की राजधानी टोक्यो में शुरू हो रहे हैं। अभी तक इन खेल आयोजनों से जुड़े 91 लोगों का कोविड टेस्ट पॉजीटिव आ चुका है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, खेलों को सुरक्षित रूप से आयोजित करने के लिए जरूरी है कि हर रोज आने वाले संक्रमण के मामलों की दर 100 से कम ही रहे। टोक्यो में आपातकाल लागू है। वहां और फुकुशिमा में ओलंपिक कार्यक्रम दर्शकों के बिना होने हैं। शाम 4.30 बजे होने वाली ओपनिंग सेरेमनी में भारत की तरफ से सिर्फ 18 ही खिलाड़ी रहेंगे। रियो ओलंपिक गेम्स 2016 में सिर्फ दो मेडल के साथ संतोष करने वाला भारत इस बार नई उम्मीदों के साथ हिस्सा ले रहा है।
205 देशों से 11 हजार एथलीट जापान पहुंचे हैं। 17 दिनों तक यहां 33 अलग-अलग खेलों के 339 इवेंट्स होंगे। भारत के 119 एथलीट अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेंगे। यह ओलंपिक में भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल है।