पटना। आरजेडी आज 25 वर्षों का हो गया है। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए राजद आज अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है।
पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव इस मौके पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं, लेकिन इस संबोधन से पहले लालू यादव ने साफ कर दिया है कि भले ही उनकी उम्र ज्यादा हो गई हो, लेकिन राजनीति से वह कभी रिटायर नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति से जुड़े हर सवालों का जवाब देते रहेंगे।
लालू यादव ने कहा कि 5 जुलाई 1997 को हमने जनता दल से अलग होकर राष्ट्रीय जनता दल बनाया था। आरजेडी अभी 25 साल की युवा पार्टी है। साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में कभी रिटायरमेंट नहीं होता और ना ही मार्गदर्शक होता है। इस दौरान लालू प्रसाद यादव ने बीजेपी पर निशाना भी साधा।
एक सवाल के जवाब में लालू प्रसाद यादव ने कहा कि नीतीश कुमार रीढ़विहीन नेता हैं। राजनीति में रीढ़ की हड्डी का बहुत महत्व है, जो नीतीश कुमार खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि साल 2015 में तमाम विरोध के बावजूद महागठबंधन को जीत दिलाई गई थी। ज्यादा सीटें पाने के बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था।
2 साल बाद अप्रत्याशित तरीके से जनादेश को धोखा देकर नीतीश भाग गए, अब उनपर भरोसा नहीं किया जा सकता। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि 2024 में देश की राजनीति बदलेगी। मोदी का विकल्प 2024 में कौन हो सकता है इस सवाल के जवाब में आरजेडी सुप्रीमो ने कहा जो भी चेहरा होगा, वह तानाशाही, अहंकार से कोसों दूर होगा।
मोदी का विकल्प उनकी जन विरोधी नीतियों के खिलाफ एक प्रगतिशील एजेंट ही हो सकते हैं।