
विवेक चौबे
गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में एक अजीब से बीमारी पाई गई है। इससे एक ही परिवार के चार सदस्य पीड़ित हैं। डॉक्टर भी इसे देखकर आश्चर्य में पड़ गये हैं। परिवार के पास इलाज कराने के लिए पैसे भी नहीं हैं। इस बीमारी से परिवार के एक सदस्य की मौत भी हो गई है।
जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भंडरिया गांव निवासी नान्हू रजवार का पूरा परिवार इस बीमारी की चपेट में है। रजवार की 54 वर्षीया पत्नी सुनैना देवी, 20 वर्षीय पुत्र राम दहिन रजवार, 18 वर्षीया पुत्री शर्मिला कुमारी और 16 वर्षीया पुत्री निर्मला कुमारी पीड़ित है। सभी सदस्यों को इलाज के लिए बीते गुरुवार को रेफरल अस्पताल मझिआंव ले जाया गया था। अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोविंद सेठ भी आश्चर्य में पड़ गए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का मामला पहले कभी नहीं आया था। इलाज के बावजूद भी शर्मिला कुमारी की मौत शनिवार को हो गई।
ग्रामीणों की मदद से उसका अंतिम संस्कार किया गया। मौत के बाद ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। गरीब परिवार की बेटी की मौत की खबर जानकर कांग्रेसी नेता जवाहर राम मृतिका के घर पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि शर्मिला की मौत के बाद चिकित्सक और नर्स पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। इलाज किया। सभी सदस्यों को बेहतर इलाज के लिए ले जाने एंबुलेंस भी आया था। हालांकि उन्होंने अस्पताल जाने से इनकार कर दिए।
कांग्रेसी नेता ने बताया कि उक्त गरीब परिवार के सभी सदस्य सूजन की बीमारी से ग्रस्त हैं। उक्त सभी सदस्यों की स्थिति गंभीर है। ससमय इलाज नहीं हुआ तो बेटी शर्मिला की तरह ही अन्य सदस्य भी मौत के मुंह से बाहर नहीं निकल सकते। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है, जिससे की इलाज के लिए उन्हें बड़े शहर की अस्पताल में ले जाया जाए। उन्होंने सरकार और जिले के पदाधिकारियों से उक्त का बेहतर इलाज कराने की मांग की है।