पद संभालने जा रहे थे एसपी, रास्ते में अपराधियों ने लूटा

झारखंड
Spread the love

पलामू। झारखंड सरकार ने पलामू एसपी के पद पर चंदन कुमार सिन्हा की पोस्टिंग की। आदेश जारी होने के बाद वह पद संभालने जा रहे थे। रास्ते में उनसे मोबाइल और पांच हजार रुपये की लूट हो गई। इसके बाद वे शिकायत करने जिले के सतबरवा थाना पहुंचे।

एसपी ने घटना की जानकारी दी

थाना पहुंचे एसपी को वहां के कर्मी नहीं पहचान पाए। एसपी ने थाना प्रभारी करमपाल नाग को अपने साथ हुई लूट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने उनकी कनपट्टी पर पिस्टल तान दिया। उनसे मोबाइल और पांच हजार रुपए लूट लिए। पूरी जानकारी लेने के बाद थाना प्रभारी ने एसपी को घटनास्थल दिखाने को कहा। लंबी बातचीत के बाद थाना प्रभारी ने एसपी को पहचाना। इसके बाद उन्हें सैल्यूट किया।

सिविल ड्रेस में पहुंचे थे एसपी

एसपी सिविल ड्रेस में सतबरवा थाना पहुंचे थे। उन्होंने आम आदमी बन कर थाना प्रभारी से मोबाइल छिनतई होने संबंधित काल्पहनिक शिकायत की। इसका उद्देश्य आम जनों के प्रति पुलिस के व्यवहार को समझना था। इस दौरान थाना प्रभारी के पॉजिटिव रिस्पांस से एसपी संतुष्ट नजर आये। इसके अलावा एसपी ने अन्य कई पहलुओं को लेकर भी थाने का निरीक्षण किया।

पब्लिक के लिए 24 घंटे उपलब्ध

सतबरवा थाने का औचक निरीक्षण के बाद एसपी सर्किट हाउस पहुंचे। वहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वे समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर नए पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय क्रिमिनल्स गैंग्स पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जायेगा। नक्सलियों के विरुद्ध ठोस रणनीति बनाकर उनसे निपटा जायेगा। वे जिलेवासियों के लिए 24 घंटे उपलब्ध हैं। पब्लिक किसी भी तरह की समस्या को लेकर उनसे मिल सकती है। बेवजह पैरवी करने वालों दूर ही रहने की बात कही।