जामताड़ा। बड़ी खबर जामताड़ा से है। साइबर क्राइम में देश भर में बदनाम झारखंड का जामताड़ा जिला एक बार फिर से सुर्खियों में है। जामताड़ा साइबर पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है।
जामताड़ा साइबर पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में छापेमारी अभियान चलाकर 14 लाख 3 हजार रुपये नकद जब्त किया है। साथ ही पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, 18 सिमकार्ड, 4 एटीएम कार्ड समेत कई अन्य सामान बरामद किये हैं।

दुमका डीआईजी सुदर्शन मंडल ने शुक्रवार को जामताड़ा साइबर थाना में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। कहा कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में कलीम अंसारी नामक साइबर अपराधी ने राजस्थान के एक व्यक्ति के खाते से रुपये उड़ा लिये। इसकी सूचना राजस्थान पुलिस ने जामताड़ा पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस ने सूचना पाकर एक टीम का गठन कर पिंडारी गांव के कलीम अंसारी के घर छापेमारी की, लेकिन कलीम अंसारी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वहीं उसी गांव में विकास मंडल नामक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। कलीम अंसारी के घर से 14 लाख 3 हजार 900 रुपये नकद बरामद किये गये हैं। कलीम अंसारी की तलाश जारी है, जो बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।