पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘100 करोड़ का ठग’, 12 लाख महिलाओं से फर्जीवाड़ा करने का आरोप

अपराध बिहार
Spread the love

मोतिहारी। मोतिहारी समेत उत्तर बिहार के कई जिलों की लाखों महिलाओं से करोड़ों रुपए की महाठगी करने वाले निर्भय यादव को मोतिहारी पुलिस की एसआईटी ने उसके एक सहयोगी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

इससे उसकी ठगी की शिकार हुई भोली-भाली महिलाओं की पीड़ा कम नहीं हुई है, क्योंकि मधुबनी थाना के बंजरिया गांव का रहने वाला निर्भय यादव एक दो नहीं, बल्कि करीब 60 हजार समूह की 12 लाख महिलाओं को झांसा देकर उन्हें ठगी का शिकार बना चुका है। आरोप है कि कोरोना काल में लोगों की मदद का झांसा देकर इसने महिलाओं से करीब 100 करोड़ रुपए की उगाही की है और गांव की भोली-भाली जनता को झांसे में लेने के लिए कई माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों से मिलीभगत कर पहले मदर फ्यूचर फाउंडेशन ट्रस्ट बनाया और फिर उस ट्रस्ट के जरिए लोगों को लोन दिलाने के नाम पर मोटी रकम ऐंठ ली।

बता दें कि इसके शिकंजे में मोतिहारी के ज्यादातर ग्रामीण इलाकों की महिलाएं आई हैं। ठगी का शिकार हुई महिला अब अपनी बेबसी पर रो रही हैं। महिलाएं उस दिन को कोस रही हैं, जब वो निर्भय जैसे ठग की बातों पर भरोसा कर ना घर की रहीं और ना घाट की। पैसे के लोभ में महिलाओं ने अपने सहयोगियों और रिश्तेदारों को भी समूह में शामिल कर लिया और आज वो सारी की सारी महिलाएं निर्भय यादव की ठगी की शिकार हैं।

महिलाओं को जब बैंक लोन चुकाने के लिए फोन आने लगे, तब उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। इसके बाद वो सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करने लगीं, जिसके बाद इसके खिलाफ मधुबनी, चकिया और फिर मोतिहारी के नगर थाने में शिकायत दर्ज की गई।