जनता को नोचकर धन्ना सेठ दोस्तों की सोच रही मोदी सरकार : कांग्रेस

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कहा कि जब सत्ता में लूट के किरदार बैठ जाएं, तब जनता की आमदनी कम और दिन मंहगे हो जाते हैं। आज देश की मोदी सरकार सिर्फ सत्ता की भूख मिटा रही है। कमरतोड़ मंहगाई से 140 करोड़ देशवासियों की आय लूटती जा रही है।

कांग्रेस की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कहा कि आज पेट्रोल की कीमत 100 के पार, खाने के तेल 200 के पार और खाना पकाने का तेल (रसोई गैस) 850 के पार पहुंच गयी है। ऐसी बेशर्म और मंहगी मोदी सरकार ने देशवासियों को केवल मंहगाई की मार झेलने को विवश कर दिया है।

केन्द्र की भाजपा सरकार ने प्रजातंत्र की परिभाषा ही बदल दी है। जनता को मंहगाई की आग में झोंककर अंतिम पंक्ति में खड़े आमजन की आमदनी को मोदी सरकार नोच रही है। बस अपने धन्ना सेठ दोस्तों की सोच रही है। सच यह है कि मंहगाई डायन अब भाजपाईयों को अप्सरा सी नजर आने लगी है।

प्रवक्‍ता ने कहा कि 01 जनवरी, 2021 से 7 जुलाई, 2021 तक ही मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमत 69 बार बढ़ाई है। अप्रैल, 2014 से जून, 2021 तक मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल की लूट से करीब 25 लाख करोड़ रुपये कमाए। मोदी सरकार पेट्रोल पर एक्ससाईज ड्यूटी सात साल में 258 प्रतिशत बढ़ाई।र डीजल पर 820 प्रतिशत बढ़ाई। मई, 2014 में पेट्रोल पर केन्द्रीय एक्साईज डयूटी 3.46 प्रति लीटर थी, जो आज 28.37 प्रति लीटर है।

श्रीमती सिन्‍हा ने कहा कि साल 2014-15 में केन्द्र सरकार एक्साईज से सालाना 99.068 करोड़ जमा करती थी। साल 2020-21 में पेट्रोल डीजल से एकत्रित होने वाली एक्साईज ड्यूटी राशि बढ़कर 4,51,000 करोड़ हो गई। उन्होंने कहा कि अकेले कोरोना काल में ही भाजपा सरकार ने पेट्रोल पर 13 प्रति लीटर और डीजल पर 16 प्रति लीटर ड्यूटी बढ़ाई। पिछले दो महीने में ही मोदी सरकार ने पेट्रोल की कीमत 9.81 प्रति लीटर और डीजल की कीमत 8.80 प्रति लीटर बढ़ा दी है।

प्रवक्ता ने केन्द्र सरकार से मांग की है कि देश की आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने के बजाय उसे कम करने के लिए कार्य करें, ताकि जनता राहत पा सके।