रांची। झारखंड राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सहकारिता विभाग के निबंधक, सहयोग समितियां को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है।
निबंधक को भेजे पत्र में प्रसाद ने कहा है कि 7 जुलाई को मैं झारखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, रांची के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे रहा हूं। प्रसाद राज्यसभा के सांसद और जरमुंडा विधानसभा के विधायक रह चुके हैं।
जानकारी हो कि करीब दो दशक के बाद नवंबर, 2018 में हुए झारखंड राज्य सहकारी बैंक के चुनाव में भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद अभय कांत प्रसाद को अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किया गया था। अध्यक्ष पद की दौड़ में दो उम्मीदवार मैदान में थे। दोनों को समान संख्या में मत मिला था। अभय कांत प्रसाद और विभा सिंह को 52-52 वोट मिले थे।
इस स्थिति से निपटने के लिए सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों और निदेशकों ने लॉटरी प्रणाली के माध्यम से अध्यक्ष का चयन करने का फैसला लिया। अभयकांत प्रसाद ने लॉटरी जीतकर बैंक के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला।