रांची। झारखंड में सरकार गिराने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त कोई नई बात नहीं है, पर इस बार हेमंत सोरेन की सरकार गिराने की साजिश का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नयी-नयी बातें सामने आने लगी हैं।
अब इस मामले में महाराष्ट्र कुछ बड़े भाजपा व कांग्रेस नेताओं का भी नाम सामने आ रहा है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने इस पूरे खेल का खुलासा किया है। आरोपी अभिषेक दुबे ने पुलिस को बताया कि कांग्रेस के 11 विधायकों के साथ डील हो रही थी और एक करोड़ रुपये एडवांस देने की बात हुई थी।
यह है पूरा मामला
अभिषेक दुबे ने पुलिस को बताया है कि कांग्रेस के विधायक डॉ इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला और निर्दलीय विधायक अमित कुमार यादव के साथ अमित सिंह, निवारण महतो और अभिषेक दुबे दिल्ली गये थे।
दिल्ली एयरपोर्ट से जय कुमार नाम के एक शख्स ने उनलोगों को रिसीव किया। तीनों विधायक एक इनोवा कार से और बाकी लोग दूसरी गाड़ी से होटल के लिए रवाना हो गए। रांची से दिल्ली जाने के लिए विधायक अमित कुमार यादव को टिकट जय कुमार ने भेजा था। जय कुमार महाराष्ट्र बीजेपी नेता का भांजा है। अभिषेक दुबे ने पुलिस को बताया है कि कांग्रेस के दोनों विधायक डॉ इरफ़ान अंसारी और उमाशंकर अकेला के साथ-साथ विधायक अमित कुमार यादव की दिल्ली में महाराष्ट्र के दो विधायकों से मुलाकात हुई। दोनों विधायकों से जय कुमार ने मुलाकात कराई।
महाराष्ट्र के नेता चंद्रशेखर राव और चरण सिंह ठाकुर से इन विधायकों की मुलाकात हुई थी। जो जानकारी है उसके अनुसार जय कुमार चंद्रशेखर राव का भांजा है। अभिषेक दुबे ने जो बयान दिया है उसके अनुसार इसी मुलाकात में कांग्रेस के विधायकों को एक करोड़ रुपये एडवांस देने की डील हो चुकी थी, लेकिन जब कांग्रेस के विधायकों को एडवांस पैसा नहीं मिला, तो वे नाराज भी हो गए। बता दें कि बाबन राव कुले विधायक नहीं हैं। वहीं, चरण सिंह ठाकुर को भाजपा ने चरणसिंह ठाकुर को कटोल से टिकट दिया था, अभी वहां से अनिल देशमुख विधायक हैं।
इधर अभिषेक दुबे ने पुलिस को बताया है कि महाराष्ट्र के दोनों विधायकों से मुलाकात के साथ-साथ बीजेपी के और बड़े नेताओं से उनके आवास पर मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात में क्या कुछ बात हुई थी, यह जानकारी अभिषेक दुबे ने पुलिस को नहीं दी है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है कि आखिर और किन-किन और बीजेपी के नेताओं से दिल्ली में मुलाकात हुई थी। जानकारी के अनुसार दिल्ली में 15 जुलाई को महाराष्ट्र बीजेपी के दोनों विधायकों और बीजेपी के अन्य नेताओं से मुलाकात करने के बाद झारखंड के दोनों कांग्रेस विधायक 16 जुलाई को रांची लौट आये थे। पुलिस विधायकों के आने जाने की डिटेल भी जुटा रखी है।
अभिषेक दुबे ने पुलिस को बताया है कि महाराष्ट्र बीजेपी के विधायक चंद्रशेखर राव का भांजा जय कुमार, मोहित भारतीय, आशुतोष ठाकुर और विधायक अमित कुमार यादव 21 जुलाई को रांची पहुंचे और होटल लीलैक में ठहरे थे। और वहीं से विधायकों से बात करने की कोशिश की गई है। पुलिस ने जब 22 जुलाई की रात करीब साढ़े 8 बजे होटल लीलैक में छापेमारी की, तो वहां से अभिषेक दुबे गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने बताया कि अभिषेक जिस कमरे से गिरफ्तार हुआ, उसी कमरे से 2 लाख रुपये भी बरामद हुए हैं।