झारखंड में 21 जुलाई से संकल्‍प सप्‍ताह मनाएगी भाकपा माले और मासस

झारखंड
Spread the love

रांची। भाकपा-माले और मार्क्‍सवादी समन्‍वय समिति के संयुक्‍त तत्‍वावधान में एके राय की बरसी 21 जुलाई से चारू मजूमदार की शहादत तिथि 28 जुलाई तक झारखंड में संकल्प सप्ताह मनाया जाएगा। यह संकल्प सप्ताह मजदूर, गरीब किसानों और आदिवासियों के संघर्ष को सही दिशा देने वाले दोनों नेताओं के विचारों से पार्टी के कार्यकर्ताओं को शिक्षित करने का काम करेगा। उक्‍त बातें माले के राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद और मासस के केंद्रीय सचिव हलधर महतो ने संयुक्त रूप से कही।

पदधारियों ने कहा कि सिदू-कान्‍हु और बिरसा मुंडा की धरती झारखंड में शोषण दमन के खिलाफ मुखर आवाज रहे एके राय ने सूदखोरों-माफि‍याओं और हर लूट-दमन के खिलाफ जुझारू संघर्षों का निर्माण किया था। अनेकों लाल झंडा के सिपाही शहादत देकर उस संघर्ष को बढ़ाते रहे। आज कारपोरेट लूट के खिलाफ फिर से संघर्ष तेज करने की जरूरत है। झारखंड की जमीन और खनिज को लूटने वाले, युवाओं को दर दर भटकने को मजबूर करने वाले कारपोरेट राज के खिलाफ मजबूत आंदोलन समय की मांग है। संघर्ष के प्रतीक इन दोनों नेताओं ने गरीबों की सेवा में, नए समाज के निर्माण में पूरी जिंदगी लगा दी। संकल्प सप्ताह में फादर स्टेन स्वामी के अधूरे सपनों को भी साकार करने का संकल्प लि‍या जाएगा। संकल्प सप्ताह के प्रेरणा स्रोत गुरूदास चटर्जी और महेंद्र सिंह के विचार भी मुहिम के अंग होंगे।

संकल्प सप्ताह की शुरुआत कामरेड एके राय की 21 जुलाई को निरसा में संकल्प सभा से होगी। रामगढ़ और हजारीबाग दोनों जिलों के साथी गिद्दी में 22 जुलाई को सभी आयोजित करेंगे। 23 जुलाई को पलामू प्रमंडल के लोग डाल्टनगंज में। 24 जुलाई को गिरिडीह, 25 जुलाई को देवघर और 26 और 27 जुलाई को बोकारो और चाईबासा में कार्यक्रम होंगे। रांची में 28 जुलाई को संकल्प सभा होगी। भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य 21 और 28 जुलाई को उपस्थित रहेंगे। इन सभी सभाओं में विधायक विनोद सिंह और पूर्व विधायक अरूप चटर्जी शामिल रहेंगे। दोनों पार्टी के नेता आनंद महतो, मिथलेश सिंह, निताई महतो, मनोज भक्त, जनार्दन प्रसाद और शुभेंदु सेन भी इन सभाओं में शामिल रहेंगे।