
जापान। टोक्यो ओलंपिक पर कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। इसका आयोजन 23 जुलाई से 8 अगस्त तक होना है। इन खेलों के बाद टोक्यो में ही 25 अगस्त से 5 सितंबर तक पैरालंपिक खेल होने हैं। इसके बीच टोक्यो ओलंपिक विलेज में कोरोना वायरस पाया गया। इससे आयोजकों की चिंता बढ़ गई है।
समाचार एजेंसी AFP के अनुसार आयोजकों का कहना है कि टोक्यो ओलंपिक विलेज में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है। जानकारी हो कि इससे पहले 15 जुलाई को टोक्यो में कोरोना वायरस के 1308 मामले सामने आए थे। हालांकि खेल गांव से कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला था।
टोक्यो ओलिंपिक की अध्यक्ष सिको हाशिमोटो ने कहा कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए हम हर संभव कोशिश करेंगे। आने वाले समय कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होती है तो उसके लिए हमें एक प्लान तैयार करना होगा। हम सब कुछ प्लान के तहत करने का प्रयास करेंगे और कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक लगाएंगे।
टोक्यो ओलिंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रोटोकॉल फॉलो करते हुए आइसोलेट रहने को कहा गया है। खिलाड़ियों की हर दिन कोरोना जांच करने का निर्णय लिया गया है। खिलाड़ियों को सभी कोविड-प्रोटोकॉल फॉलो करने होंगे। मास्क पहनना सामाजिक दूरी, हाथ धोने जैसे चीजों को लेकर उन्हें बार-बार आगाह किया जाएगा। खिलाड़ियों से अपील की जाएगी कि वह इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करें।