- स्कूल को भाड़ा पर दिये जाने की आशंका जताई पदाधिकारी ने
योगेश कुमार पांडेय
गिरिडीह। झारखंड सरकार ने कोविड को लेकर शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया है। हालांकि जिले के जमुआ प्रखंड के कई स्कूलों में निजी शिक्षक ट्यूशन पढ़ा रहे हैं। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) विद्यासागर मेहता के औचक निरीक्षण में इसका खुलासा हुआ। पदाधिकारी को आशंका है कि शिक्षकों ने स्कूल को भाड़ा पर दे रखा है।
जमुआ के बीईईओ ने 8 जुलाई को प्रखंड के कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में कई विद्यालय बंद थे। वहीं 2 विद्यालयों में बच्चों को निजी शिक्षकों द्वारा ट्यूशन पढ़ाया जा रहा था। बीईईओ को देखकर ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक भाग खड़े हुए। पदाधिकारी ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि उक्त विद्यालय में पदस्थापित शिक्षकों द्वारा इसे भाड़ा पर दे दिया गया हो। इस बाबत विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, रामपुर और उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भीखोडीह बंद पाया गया। प्राथमिक विद्यालय, कैरीडीह में प्रधान शिक्षक मौजूद थे। सहायक शिक्षक अनुपस्थित थे। उपस्थित प्रधानाध्यापक के पास कोई अभिलेख नहीं था।
इसके बाद बीईईओ ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, तरडीहा का निरीक्षण किया। वहां सभी शिक्षक उपस्थित थे। शिक्षकों ने पदाधिकारी को बताया कि रसोईया साफ सफाई में किसी भी तरह की मदद नहीं करती है। बीईईओ उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुरहो, बिंदु प्लस टू हाई स्कूल नौडीहा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय बहुरिया डी और उत्क्रमित उच्च विद्यालय सहरपुरा में चल रहे आंतरिक मूल्यांकन का पर्यवेक्षण किया। आंतरिक मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों को उन्होंने बतौर पर्यवेक्षक कई निर्देश दिए।
पदाधिकारी ने बताया कि लौटने के क्रम में विद्यालय अवधि के बाद उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय गोविंदाटांड और उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुरहोबिंदो में सोशल डिस्टेंसिंग को धता बताते हुए देखा गया।