
प्रयागराज में कालिंदीपुरम के एक वकील ने धूमनगंज थाने में अजीबोगरीब मुकदमा दर्ज कराया है। वकील ने अपनी पत्नी, ससुरालवालों और बिचौलियों को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया है। वकील का कहना है कि इसी अप्रैल में लॉकडाउन के दौरान उनकी शादी सुल्तानपुर खास मऊआइमा की लड़की से हुई।
शादी से पहले घरवालों ने लड़की की उम्र कम बताई थी। जो बायोडाटा, आधार कार्ड आदि दिए गए उसमें लड़की की उम्र 1992 लिखी है। आगे कहा कि शादी के बाद लड़की का चेहरा देखने से उम्र ज्यादा लगी। तब पूछने पर लड़की ने बताया कि उसका वास्तविक जन्म 1987 का है। अधिवक्ता का आरोप है कि ऐसे में उनके साथ धोखाधड़ी और फ्रॉड किया गया। उनका आरोप है कि पत्नी सारे गहने लेकर मायके चली गई। वकील ने कहा कि ससुराल वाले अब धमकी दे रहे हैं। बोल रहे हैं कि शादी हो चुकी है, अब उम्र से क्या लेना देना।