- कोरोना से राहत के लिए राज्य सरकार को दिए 20 करोड़
रांची। खेल प्रशिक्षण के लिए कोयला मंत्रालय ने रांची को 20 करोड़ रुपये दिए। कोरोना से राहत के लिए झारखंड सरकार को 20 करोड़ रुपये दिए। यह जवाब रांची सांसद संजय सेठ को मिला। लोकसभा सत्र के दौरान उन्होंने 28 जुलाई को कोयला मंत्रालय द्वारा सीएसआर के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी मांगी। मंत्रालय से नए कार्यों को करने का आग्रह भी किया।
सेठ ने लोकसभा में कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं के लिए उर्वरा भूमि है। खिलाड़ियों की एक बड़ी श्रृंखला है, जो विश्व स्तर पर खेल रहे हैं। कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अभी भी खेल में संभावनाएं तलाश रहे हैं। ऐसे खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए, उनके प्रशिक्षण के लिए, उनके संरक्षण के लिए कोयला मंत्रालय को सीएसआर के तहत उन्हें प्रशिक्षित किए जाने की तरफ कदम बढ़ाना चाहिए।
सेठ ने लोकसभा में कोयला मंत्रालय द्वारा सीएसआर के तहत रांची में राष्ट्रीय स्तर की लाइब्रेरी खोलने की प्रक्रिया शुरू करने व अन्य कार्यों की प्रशंसा भी की। उन्होंने मंत्री से यह भी जानना चाहा कि सीएसआर मद से अब तक रांची में क्या-क्या कार्य किए गए? वही उन्होंने मंत्री से यह भी पूछा कि ऐसे परिवार जो कोरोना संक्रमण से प्रभावित हुए हैं, उनकी सहायता के लिए सीएसआर से मदद करने का कोई प्रावधान है क्या?
जवाब देते हुए केंद्रीय कोयला मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि खेल के क्षेत्र में कोयला मंत्रालय वृहद पैमाने पर काम कर रहा है। झारखंड में भी खेल क्षेत्र से जुड़े कई कार्य किए गए हैं। खेलगांव में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का काम चल रहा है। इस क्रम में खेलगांव (रांची) में वर्ष 2018-19 में 5.28 करोड़ रुपये, 2019-20 में 14.62 करोड़ और 2020-21 में 6.48 करोड़ रुपये खर्च कर खेल अकादमी का संचालन भी किया गया। वर्तमान समय में इसका रखरखाव भी किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि कोयला परियोजना से प्रभावित गांव में गहरे बोरवेल की व्यवस्था की गई है। झारखंड के कई रेलवे स्टेशनों में लगभग 17 करोड़ की लागत से फैब्रिकेटेड शौचालय की स्थापना का काम चल रहा है। रांची में ही 1.27 करोड़ की लागत से लाल-लाडली योजना और शिक्षा से संबंधित अन्य कई कार्यक्रम चल रहे हैं। रांची जिला में आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में उन्नयन करने की दिशा में काम चल रहा है। यह परियोजना लगभग सवा दो करोड़ रुपए की है। इसके तहत कई कार्य हो रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि कोरोना संक्रमण से राहत के लिए झारखंड सरकार को सीसीएल द्वारा 20 करोड़ रुपये दिये गये हैं। मंत्री ने बताया कि सीएसआर के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का काम किया जाता है। समय के साथ इसमें कई चीजें जुड़ती भी हैं। उन्होंने सांसद के सुझाव अमल करने की बात भी कही।