बिना देर किये लगवायें वैक्‍सीन, वर्ना नहीं मिलेगा राशन

झारखंड
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

गिरिडीह। कार्डधारियों के बीच राशन वितरण के समय डीलर यह जानकारी जरूर लें कि उसने वैक्सीन लगवाई है या नही। वैक्सीन नहीं लगाने वाले लाभुकों को यह हिदायत दी जाय कि अगली बार राशन उठाव से पहले वह वैक्सीन जरूर लगवा ले, वर्ना राशन नहीं मिलेगा। इसी तरह शिक्षक भी अभिभावकों के साथ बैठक कर उन्हें वैक्सिनेशन के लिए जागरूक करेंगे। उक्‍त बातें प्रखंड विकास पदाधिकारी बिनोद कुमार कर्मकार ने कही।

वे बुधवार को प्रखंड सभागार में अंचल अ‍धिकारी द्वारिका बैठा और प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ राजेश कुमार दुबे समेत प्रखंड के डीलर और शिक्षकों के साथ बैठक कर रहे थे। बीडीओ ने कहा कि कोरोना वैक्सीन जब तक सभी लोगों को नहीं लगेगा, तब तक इस वैश्विक महामारी पर हम विजय हासिल नहीं कर सकेंगे।

डॉ राजेश दुबे ने सबसे पहले सभी शिक्षक और डीलरों को अपना और अपने परिवार का वैक्सिनेशन कराने की बात कही। सीओ ने उपस्थित लोगों के बीच स्पष्ट किया कि डीलर और शिक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर वैसे गांवों में तुरंत वैक्सिनेशन कैंप लगाया जायेगा, जहां वैक्सीन नही लगवाने वालों की संख्या अधिक होगी।

बैठक में उक्त अधिकारियों के अलावा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विद्यासागर मेहता, एमओ विद्याभूषण राम, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार, अंचल निरीक्षक लवकेश सिंह, पीएम आवास प्रखंड समन्वयक संतोष प्रसाद वर्मा सहित प्रखंड के अधिकांश डीलर व शिक्षक उपस्थित थे।