घुमावदार सड़क बनी काल, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर, मुआवजा की मांग को लेकर जाम

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। गोमिया-विष्णुगढ़ सड़क के सदारो जंगल के निकट हुई दुघर्टना में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए हजारीबाग अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार पेक नारायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजकिरो गांव के कैलाश प्रजापति का पुत्र मनोज प्रजापति (23) और किशुन मुंडा का पुत्र संतोष मुंडा (24) मोटरसाइकिल से विष्णुगढ़ से वापस अपने घर लौट रहे थे। सदारो जंगल के निकट घुमावदार सड़क पर विपरीत दिशा से आ रही एक सीमेंट लदे वाहन की चपेट में दोनों आ गए। इसके कारण संतोष मुंडा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि मनोज प्रजापति बुरी तरह से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विष्णुगढ थाना के सब इंस्पेक्टर भागीरथ पासवान मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर थाना ले आये। घायल मनोज प्रजापति को विष्णुगढ़ अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग अस्पताल भेज दिया।

मनोज प्रजापति 6 माह बाद बीती रात को ही हैदराबाद से लौटा था। वह प्रवासी मजदूर है। उसकी भी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इधर कंजकिरो के ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर नरकी और बोकारो थर्मल सड़क मार्ग के लुकुबाद मोड़ पर सड़क जाम कर दिया है। मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।