कोविड टीकाकरण को लेकर बीडीओ ने चलाया जागरुकता अभियान

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी जोहन टुड्डू ने शनिवार को प्रखंड के कई गांव में जाकर लोगों को कोविड का टीका लेने के लिए समझाया। खासकर महिलाओं को समझाते हुए कहा कि कोरोना का टीका हर प्रकार से सुरक्षित सही है। उन्होंने जतरो, पतरिया, चौखडी, सड़की, सनपुरा, बरवाडीह सहित कई गांव व टोलों में जाकर लोगों को समझाते हुए कोरोना का टीका लेने के लिए प्रेरित किया।

नव प्राथमिक विद्यालय जतरो के नजदीक कुछ महिलाएं कपड़ा धो रही थी। प्रखंड विकास पदाधिकारी उसी रास्ते से जा रहे थे। वहां अपनी गाड़ी को रोककर उन महिलाओं को टीका लेने के लिए समझाते हुए प्रेरित किया। टीका नही लेने के खिलाफ महिलाओं ने उनके सामने तर्क दिया कि पूरा चारो तरफ हल्ला है कि कोरोना का टीका लेने से लोग बीमार हो जा रहे हैं।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने समझाते हुए कहा कि‍ यह सब गलत बात है। किसी-किसी को हल्का बुखार कुछ समय के लिए हो जाता है। वह एक दिन में ठीक भी हो जाता है। इसलिए आप सभी कोरोना का टीका अवश्य लें। यह पूरी तरह से ठीक व सुरक्षित है। कोरोना जैसी बीमारी से लड़ने का एकमात्र उपाय है।