महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की का गम और गुस्से के बीच अंतिम संस्कार, परिजनों ने की ये मांग

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड के साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की का अंतिम संस्कार आज गम और गुस्से के बीच हुआ। रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड़ की रहनेवाली रूपा को मिट्टी देते हुए उनके परिजन सुबक पड़े। उनका शव आज अहले सुबह रांची लाया गया। अंतिम संस्कार में आस-पास के इलाके के कई लोग मौजूद थे। होनहार बेटी की विदाई देते हुए सभी की आंखें नम थीं।

परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि रूपा आत्महत्या नहीं कर सकती है। उसकी हत्या की गई है। रूपा के परिजनों ने सरकार से निष्पक्ष न्याय की मांग की है। जानकारी हो कि 2018 बैच की पुलिस अवर निरीक्षक रूपा तिर्की का शव कल साहिबगंज में फंदे से लटका पाया गया था। सोमवार की देर शाम फांसी लगाकर आत्महत्या करने की खबर आयी थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र दुबे, डीएसपी हेड क्वार्टर संजय कुमार, सार्जेंट मेजर सहित कई पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।

पुलिस इसे प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन उसके घर वाले उसकी हत्या या प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगा रहे हैं। रूपा तिर्की ने पुलिस अवर निरीक्षक के रूप में चयन के बाद साहेबगंज में ही प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इसके बाद उसे साहेबगंज जिले की पहली महिला थाना प्रभारी के रूप में पदस्थापित किया गया था। रूपा तिर्की ने संत जेवियर कॉलेज रांची से पढ़ाई पूरी की थी। घरवालों और रूपा को जानने वालों का कहना है कि रूपा बेहद मजबूत इरादों वाली लड़की थी। वह बुजदिलों की तरह आत्महत्या नहीं कर सकती।