नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान ‘तौकते’ के बहुत तीव्र होने के संकेत मिले हैं। पूर्व-मध्य अरब सागर में यह कहर बरपा सकता है। गुजरात और दीव तटीय क्षेत्रों से इसके टकराने के बाद उत्पन्न स्थिति को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती तूफान आज रात आठ बजे से साढ़े आठ बजे के बीच गुजरात के पोरबंदर और महुवा (भावनगर) के तटों से टकरायेगा। इस इलाके में यह कहर बरपा सकता है। हवा की रफ्तार प्रति घंटा 155-165 से 185 किलोमीटर हो सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार अत्यंत तीव्र चक्रवाती तूफान, जो पूर्व-मध्य अरब सागर पर था, वह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़ गया है। विभाग ने यह चेतावनी 17 मई, 2021 को भारतीय समयानुसार 8.15 बजे जारी की है। इस चेतावनी के अनुसार तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। वह बहुत तेज हो गया है और 17 मई, 2021 को साढ़े पांच बजे सुबह वह पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर मौजूद रहा यानी 18.5o उत्तर अक्षांश और 71.5o पूर्व देशांतर के निकट कायम था। यह क्षेत्र मुंबई से 160 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम, वेरावल (गुजरात) से 290 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और दीव से 250 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व से दूर है। यह कराची (पाकिस्तान)से 840 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व मौजूद था।
चक्रवाती तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़ेगा और 17 मई की शाम को गुजरात पहुंच जायेगा। वहां यह 17 मई की रात आठ बजे से साढ़े आठ बजे के बीच पोरबंदर और महुवा (भावनगर) के तटों से टकरायेगा। इस इलाके में यह कहर बरपा सकता है। हवा की रफ्तार प्रति घंटा 155-165 से 185 किलोमीटर हो सकती है।
वर्षा की चेतावनी
कोंकण और मध्य महाराष्ट्र : 17 मई को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और अलग अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और 18 मई को उत्तरी कोंकण में छिटपुट स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।
गुजरात : सौराष्ट्र के दक्षिणी जिलों, दीव और गुजरात क्षेत्र में 17 व 18 मई को अधिकांश स्थानों पर भारी और बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। इसी दौरान कच्छ में छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है।
राजस्थान : 18 मई को दक्षिण राजस्थान के ऊपर और 19 मई को राजस्थान के ऊपर कई स्थानों पर हल्की से मध्यम एवं छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। राजस्थान पर 19 मई को कई छटुपुट स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश होने का अनुमान है।
आंधी की चेतावनी
अगले छह घंटों के दौरान पूर्व-मध्य अरब सागर में 180-190 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवायें चलने की संभावना है, इसकी रफ्तार बढ़कर 210 किमी प्रतिघंटा हो सकती है।
17 मई को महाराष्ट्र के तट से दूर और आसपास आंधी चलने का अनुमान है, जिसकी गति 80-90 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 100 किमी प्रतिघंटा हो सकती है।
उत्तर-पूर्व अरब सागर के आसपास के इलाके में आंधी की स्थिति बनी हुई है। वहां 90-100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवायें चल रही हैं, जो बढ़कर 110 किमी प्रतिघंटा हो सकती हैं। आंधी धीरे-धीरे तेज होगी और दोपहर बाद 12 घंटे तक 200 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ लेगी। उसके बाद उसकी गति कम होने लगेगी।
दक्षिण गुजरात के तट से दूर और दमन व दीव तटों 70-80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी के आसार हैं, जिसकी रफ्तार बढ़कर 90 किमी प्रतिघंटा हो जायेगी। संभावना है कि आंधी की गति 155-165 किमी प्रतिघंटा तक हो जायेगी। बढ़ते-बढ़ते 185 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। आंधी की यह स्थिति गुजरात के तट से दूर व तट के आसपास (जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर) में रहेगी। इसके अलावा भरूच, आणंद, दक्षिण अहमदाबाद, बोताड, पोरबंदर में 120-140 किमी प्रतिघंटा, देवभूमि द्वारका, जामनगर, राजकोट, मोरबी, खेड़ा में आज रात से 18 मई की सुबह तक 90-100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलेगी, जिसकी गति 165 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।
दादर, नागर हवेली, दमन तट से दूर व आसपास वलसाड, नवसारी, सूरत, सुरेन्द्रनगर में 17 मई की शाम से 18 मई की सुबह तक 80-90 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने काअनुमान है, जिसकी रफ्तार बढ़कर 100 किमी प्रतिघंटा तक हो सकती है।
तूफान तेज होने की चेतावनी
तटीय इलाकों में ज्वार-भाटा के हालात बनेंगे। अमरेली, गिर सोमनाथ, दीव, भावनगर में तीन मीटर तक की लहरें उठेंगी। भरूच, आणंद, अहमदाबाद के दक्षिणी इलाके में 2-3 मीटर, सूरत, नवसारी, वलसाड में 102 मीटर तथा गुजरात के बाकी तटीय इलाकों में 0.5-1 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी। यह स्थिति उस समय बनेगी, जब तूफान गुजरात के तट से टकरायेगा।