सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक डॉ इंद्रजीत शर्मा का निधन

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड सहित आसपास के प्रखंडों में लोकप्रिय रहे सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक डॉ इंद्रजीत शर्मा नहीं रहे। वे 82 वर्ष के थे। मंगलवार के तड़के उन्होंने अपने कांडी स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे। सरकारी पशु चिकित्सक के रूप में बहाल होकर डॉ शर्मा 7 सितंबर, 1978 को कांडी आए थे। वे 30 अप्रैल, 2001 को यहीं से सेवानिवृत्त हुए।

डॉ शर्मा ने सरकारी सेवा की शुरुआत नालंदा जिले के गिरियक से की थी। इसके बाद नौहट्टा बिहार, बिश्रामपुर पलामू और फिर कांडी में सेवा दी। यहां के लोगों से इतना अधिक अपनापन हो गया कि वे यहीं के होकर रह गए। स्‍थानीय लोगों के मुताबिक जिस समय कांडी में सड़के नहीं थी, उस वक्‍त भी बरसात के मौसम में घुटना भर कीचड़ में चलकर मीलो दूर बीमार मवेशी का इलाज करने वे जाते थे।

वे मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के थे। बात-बात में ठहाका लगाकर गंभीर मसले को भी हंसी में उड़ा देने थे। डॉ शर्मा के निधन से पूरे इलाके के लोग मर्माहत हैं। कुछ ही साल पहले उन्होंने कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति की बदौलत मात दे दी थी। डॉ शर्मा अपने पीछे तीन पुत्र, एक पुत्री व नाती पोतों से भरा हुआ परिवार छोड़ गए हैं।