- संबंधित CHC और PHC में रखे जाएंगे, कोविड मरीजों की इलाज में होगा उपयोग
रांची। रांची जिला में विधायक निधि की राशि से कोविड-19 की रोकथाम के लिए जीवन रक्षक उपकरणों की खरीद की जा रही है। इस क्रम में 7 मई, 2021 को 25-25 ऑक्सीजन सिलेंडर मांडर विधायक बंधु तिर्की, हटिया विधायक नवीन जयसवाल, खिजरी विधायक राजेश कच्छप ओर तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा को 25-25 ऑक्सीजन सिलेंडर सौंपे गए।
रांची जिला के चार विधायकों ने अपने विधायक निधि की राशि से कोविड-19 की रोकथाम के लिए मेडिकल उपकरणों की खरीद के बाबत उप विकास आयुक्त को पत्र लिखा था। उप विकास आयुक्त ने सिविल सर्जन को विधायक निधि से कोविड कार्य के लिए मेडिकल उपकरणों के क्रय करने का दायित्व सौंपा था।
कोविड-19 उपकरणों की आपूर्ति की शुरुआत हो चुकी है। तत्काल मांडर, तमाड़, हटिया एवं खिजरी विधायकों को 25-25 ऑक्सीजन सिलेंडर दिए गए हैं। इन ऑक्सीजन सिलेंडरों का संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपयोग किया जा सकेगा। इससे कोविड-19 मरीजों को सिलेंडर की उपलब्धता की जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
विधायक निधि से महत्वपूर्ण मेडिकल उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया जारी है। शीघ्र ही अन्य उपकरणों की भी खरीद कर ली जाएगी। रांची, मांडर, तमाड़, हटिया एवं खिजरी विधायक सहित झारखंड विधानसभा के एंग्लो इंडियन सदस्य ग्लेन जोसफ गल्सटॉन ने विधायक राशि का खर्च कोविड उपकरणों की खरीद के लिए करने में अपनी सहमति दी है।