चतरा। कोरोना संक्रमण की रफ्तार को कम करने के लिए झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह लागू किया गया है। इसे लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किया गया है। हालांकि कई लोग इसका उल्लंघन कर रहे हैं। इससे प्रशासनिक अधिकारी भी बेखबर हैं। दिशा-निर्देश का उल्लंघन होने संबंधी एक खबर सोमवार को सोशल मीडिया पर चली। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हो गया।
सीओ और थाना प्रभारी ने अभियान चलाकर चार दुकानों को सील कर दिया। दरअसल, सरकार के दिशा-निर्देश के बाद भी बाजार में भीड़ लग रही थी। पुलिस के जवान नदारद थे। इससे संबंधित एक खबर सोशल मीडिया पर चलायी गयी। इसके बाद जिला और पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ।
दोपहर में शहर के मेन रोड, खैनी गोला, पुराना पेट्रोल पंप, केसरी चौक समेत अन्य जगहों पर अभियान चलाया। सीओ और थाना प्रभारी लव कुमार के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान बाजार में भीड़भाड़ देख पुलिस ने लोगों पर हल्का बल का प्रयोग किया।
स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के नियमों का उल्लंघन करने वाले चार दुकानों को सील किया गया। अन्य दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन नहीं वालों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा। मौके पर पुलिस जवान मौजूद थे।