भारतीय तट रक्षक बल ने म्यांमार के अवैध घुसपैठियों को पकड़ा

अपराध देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली।​ भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने भारतीय जल क्षेत्र के बैरेन द्वीप के पास अवैध रूप से मछली पकड़ने आए म्यांमार के चार नागरिकों को हिरासत में ले लिया है। गश्त ​के दौरान तट रक्षक बल के जहा​ज राजश्री ने बैरेन द्वीप के तटों के नजदीक एक मछली पकड़ने वाली नौका ​की संदिग्ध ​गतिविधि​यां देखीं। तट रक्षक बल ने इस नौका से संपर्क साधने के लिए प्रयास किए लेकिन उससे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। ​इसके ​​बजाए​​ ​नौका​ पर सवार लोग बैरेन द्वीप के पथरीले तटों पर ​नाव छोड़कर ​भागने का ​प्रयास करने लगे।

भारतीय तटरक्षक बल ने घेर​कर दो लोगों को पकड़ लिया जबकि अन्य मछुआरे द्वीप के घने जंगलों में भागने में सफल हो गए। पकड़ी गई नौका से ​​मछली पकड़ने के सामान समेत कछुओं के खोल और शंख इत्यादि बरामद हुए हैं। भागने में कामयाब रहे दोनों लोगों को इस घटना के अगले दिन 3 मई, 2021 को पकड़ लिया गया। पकड़े गए म्यांमार के इन अवैध मछुआरों को आगे की जांच​-​पड़ताल के लिए पोर्ट ब्लेयर की स्थानीय पुलिस को 4 मई, 2021 को सौंप दिया गया। माना जा रहा है कि ​​अवैध रूप से आए कुछ और लोग बैरेन द्वीप के घने जंगलों में छिपे हो सकते हैं। भारतीय तट रक्षक बल स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर​के उन्हें ​खोजने के लिए अभियान चला रहा है।

भारतीय तटरक्षक बल ने ​​10 दिन में दूसरी बार​​ ​अवैध लोगों को हिरासत में लिया है। कोविड-19 की महामारी के बावजूद भारतीय तटरक्षक बल अपनी नौकाओं और हवाई जहाजों की मदद से भारतीय समुद्री क्षेत्र में भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र ​(​ईईज़ेड​)​ पर 24​ घंटे निगरानी रख रहा है​​।​​ भारतीय समुद्री सीमा पर होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर ​इसी तरह की ​त्वरित कार्रवाई ​की जा रही है​​।