सिमडेगा में नहीं निकलेगा रामनवमी का जुलूस, पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक

झारखंड
Spread the love

सिमडेगा। सिमडेगा जिले में रामनवमी का जुलूस इस बार नहीं निकलेगा। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने भी जुलूस के संबंध में 18 अप्रैल को आदेश जारी करते हुए इससे बचने को कहा है। इसके मद्देनजर सिमडेगा उपायुक्त सुशांत गौरव और एसपी डॉ शम्स तबरेज ने मंगलवार को रामनवमी 2021 के संबंध में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु संयुक्तादेश आदेश जारी किया।

इसके तहत 21 अप्रैल को रामनवमी को कहीं भी जुलूस नहीं निकाले जाने का आदेश जारी कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि 21 अप्रैल को रामनवमी के दिन सभी लोग अपने-अपने घरों में ही रामनवमी की पूजा अर्चना करेंगे। विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये प्रतिनियुक्तियां मंगलवार की दोपहर से 21 अप्रैल की दोपहर तक के लिये लागू रहेंगी।

परन्तु असामान्य स्थिति में स्वतः अगले आदेश तक इसे लागू रखा जायेगा। असामान्य स्थिति में प्रभावित स्थान पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल तब तक अपना स्थान नहीं छोड़ेंगे, जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती है या फिर कोई अन्य आदेश उन्हें जिला स्तर से प्राप्त नहीं हो जाता है।

मजिस्ट्रेट की नियुक्तियों के अलावा जिले में सभी प्रकार के मादक द्रव्यों तथा शराब की दुकानें 21 अप्रैल को बंद रहेंगी। उत्पाद अधीक्षक, सिमडेगा को इसकी जवाबदेही दी गयी है। अवैध बिक्री पर नियंत्रण रखने के लिए विशेष चलंत दस्ता एक्टिव रहेगा। सिमडेगा में पदस्थापित किसी भी गजेटेड पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, नन गजेटेड कर्मचारी, पुलिसकर्मी को रामनवमी के मौके पर किसी प्रकार की छुट्टी अथवा मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं मिलेगी।

यहां बता दें कि सिमडेगा में 19 अप्रैल को 13 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाये गये। अब तक कुल 2826 संक्रमितों की संख्या सामने आ चुकी है।इनमें से 2233 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं। कुल मृतकों की संख्या 12 है। फिलहाल एक्टिव केस की संख्या 581 है। कुल मिलाकर स्थिति भयावह होती जा रही है।