नक्सलियों ने झोलाछाप डॉक्टर को अगवा कर मांगी 20 लाख की लेवी

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के पेशरार प्रखंड के सेरेंगदाग (गम्हरिया) थाना क्षेत्र से झोलाछाप डॉक्टर को नक्सलियों द्वारा अगवा कर लिए जाने का मामला सामने आया है। लोहरदगा शहर के छतर बागीचा निवासी एसके सिंह नामक यह व्यक्ति उस क्षेत्र में अक्सर आया-जाया करता है। इसके परिवार की एक महिला इसी क्षेत्र में सरकारी मेडिकल कर्मी के रूप में तैनात है।

सूत्रों के अनुसार नक्सलियों ने अपहृत के परिजनों से 20 लाख रुपए की लेवी मांगी है। परिजनों द्वारा इस घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है। जिला मुख्यालय के डीएसपी परमेश्वर प्रसाद ने कहा कि अभी तक परिवार की ओर से कोई जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस अपने स्तर से सत्यता की पड़ताल कर रही है।

बहरहाल इस घटना से जिले में नक्सली वारदातों की श्रृंखला में एक और कड़ी जुट गई है। पुलिस पर हमला, पूर्व एसपीओ की हत्या, विकास योजनाओं में काम करा रहे मुंशी की गोली मारकर हत्या और एक का अपहरण, जिसके बारे में अब तक कुछ अता पता नहीं है। अब अपहरण और लेवी मांगने का यह ताजा वाकया सामने आया है।