रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सांसद संजय सेठ द्वारा रांची शहर के कोरोना संक्रमितों के घरों तक भोजन पहुंचाया जा रहा है। वर्तमान में शहर के 237 परिवारों को भोजन पहुंचाया जा रहा है। अब तक 2480 से ज्यादा भोजन के पैकेट पहुंचाए जा चुके हैं। भोजन के पैकेट सिर्फ उन परिवारों में पहुंचाए जा रहे हैं, जो कोरोना से संक्रमित हैं। उनके परिवार में भोजन बनाने वाला कोई नहीं है।
भोजन पैकेट में रोटी, चावल, दाल, सब्जी, संतरा, सेव और दूध शामिल हैं। इसके लिए सांसद संजय सेठ ने एक टीम बनाई है, जिसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा रांची महानगर के कार्यकर्ता और अन्य कई सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हैं। वे घर-घर भोजन पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं। यह सभी भोजन पैकेट रांची के स्टेशन रोड स्थित होटल ग्रीन होराइजन में तैयार किए जा रहे हैं। वहां से युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इसके वितरण की व्यवस्था देख रहे हैं।
इस संबंध में सांसद ने कहा कि रांची में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ता घर-घर भोजन पहुंचाने का काम कर रहे हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। इस दु:ख की घड़ी में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता देवदूत बनकर सामने आए हैं। इस कार्य में लगे सभी कार्यकर्ता और संस्थाओं के प्रति उन्होंने आभार प्रकट किया। साथ ही ऐसे लोग जो घरों में क्वारंटीन हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
सांसद ने रांचीवासियों से कहा कि बड़ी संख्या में लोग कोरोना को शिकस्त दे रहे हैं। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। बेवजह पैनिक होने की जरूरत नहीं है। धैर्य और साहस से रहने की जरूरत है। हम जीतेंगे, कोरोना हारेगा।