आजादी का अमृत महोत्सव समारोह पर चित्र प्रदर्शनी का राज्यपाल ने किया शुभारंभ

झारखंड
Spread the love

खूंटी। स्वतंत्रता के 75 वर्ष का समारोह पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। 75 हफ्तों तक चलने वाले इस देशव्यापी महोत्सव की शुरुआत पर 12 मार्च को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो, रांची एवं खूंटी जिला प्रशासन द्वारा आयोजित पांच दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ झारखंड की राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने जिले के नगर भवन में किया। इस अवसर पर पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा, खूंटी के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, अपर महानिदेशक प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो, रांची अरिमर्दन सिंह, खूंटी के उपायुक्त शशि रंजन, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर भी मौजूद थे।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि मैं आज सौभाग्यशाली महसूस कर रही हूं कि इस पावन धरती पर आजादी के 75वें साल के महोत्सव की शुरुआत कर रही हूं। धरती आबा बिरसा मुंडा की धरती पर आयोजित इस कार्यक्रम में आने पर मैं बहुत खुश हूं। आज सभी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग बलिदान को भी नमन करने का दिन है, जिनके चलते हमें आजादी मिली।

श्रीमती मुर्मू ने आगे कहा कि आज देश की निरंतर प्रगति हो रही है। कोरोना काल में हमने आगे बढ़ते हुए लगभग सभी देशों को दवाई भेजी और अपनों का भी ध्यान रखा। आज के पावन अवसर पर हम सबको संकल्प लेना चाहिए कि‍ आने वाली 75वीं वर्षगांठ और 75 सप्ताह आगे है। इतने कम समय में ही हमें इतना तैयार रहना है कि इसके मैसेज को गांव-गांव तक ले जाएं और इसका प्रचार प्रसार करें।

पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कड़ि‍या मुंडा ने कहा कि यह महोत्सव पूरे देश में हो रहा है। प्रधानमंत्री को यह कल्पना आयी होगी कि‍ हम देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों को याद करें। वैसे कई स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में तो हमें पता भी नहीं, लेकिन कुछ लोग जिनके बारे में थोड़ा बहुत पता है, उनके जीवन को जरूर जानना चाहिए। हम सबको साथ मिलकर सीखना है और आगे बढ़ना है, ताकि हमारा देश एक संपन्न और गौरशाली राष्ट्र के रूप में खड़ा हो।

खूंटी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि आज आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर हमें अपने पुरखों को याद करना चाहिए, जिन्होंने हमारे लिए आजादी की लड़ाई लड़ी। उन्हीं की बदौलत हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। यह धरती भगवान बिरसा मुंडा की धरती है। भले हमारा जिला छोटा है, लेकिन यहां अनेकों स्वतंत्र सेनानी हुए जो देश को आजादी दिलाने ने लिए लड़े।

प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो के अपर महानिदेशक अरिमर्दन सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने हमें आजादी दी। हम आज के दिन यह संकल्प लें कि हम समाज की कुरीतियों के खिलाफ लड़ें, यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उपायुक्त शशि रंजन ने धन्यवाद किया। उन्होंने राज्यपाल के सुझावों का स्वागत किया और कहा कि राज्यपाल के दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा।