आर्मी में पैसे लेकर बहाली कराने वाला गिरफ्तार, 257 युवकों का चयन

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। आर्मी में पैसे लेकर बहाली कराने वाला पुलिस के हत्‍थे चढ़ गया है। गिरफ्तार आरोपी एसके सिंह आर्मी से ही रिटायर सिपाही है। आर्मी इंटेलीजेंस सेंट्रल कमांड की रांची टीम की मदद से लालपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। उधर, बुधवार को सेना बहाली में डॉक्यूमेंटेशन और मेडिकल के लिए 257 युवाओं का चयन किया गया।

मोरहाबादी मैदान में चल रहे आर्मी बहाली में अभ्‍यर्थियों को बरगलाने और पैसे लेकर नौकरी दिलाने के सूचना आर्मी इंटेलिजेंट सेंट्रल कमांड की रांची टीम को मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर देर शाम आर्मी से रिटायर्ड सिपाही को पकड़ कर लालपुर थाना के सुपुर्द किया गया।

रांची के मोरहाबादी मैदान में 17 मार्च को सेना बहाली में 257 युवाओं का डॉक्यूमेंटेशन और मेडिकल के लिए चयन किया गया। सेना बहाली के लिए 2613 युवाओं ने भाग लिया। सेना बहाली में झारखंड के 24 जिले के योग्य पुरुष उम्मीदवारों भाग ले सकते हैं। बहाली के दौरान जो अभ्यर्थी उत्तीर्ण होंगे, वह चिकित्सा जांच एवं लिखित परीक्षा में भाग ले पाएंगे। सभी अभ्यर्थियों को अधिसूचना में उल्लेखित मूल दस्तावेज एवं एडमिट कार्ड लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी भर्ती वर्ष के दौरान केवल एक विशिष्ट श्रेणी में भाग ले सकते हैं।

अभ्यर्थियों को खासतौर पर सलाह दी गई है कि वह अपनी आयु और शैक्षणिक योग्यता की पुष्टि के बाद ही बहाली में हिस्सा लें। जाली दस्तावेज एडमिट कार्ड के साथ पकड़ा जाता है तो उसे पुलिस को सौंप दिया जाएगा। उप महानिदेशक, भर्ती बिहार एवं झारखंड ने कहा है कि सेना बहाली की प्रक्रिया निष्पक्ष पारदर्शी एवं बाहरी प्रभाव से मुक्त है। युवा दलालों से सावधान रहें।

सेना बहाली के दौरान अभ्यर्थी को कोविड-19 से संबंधित दिशा निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। सभी अभ्यर्थियों को बहाली के दौरान मास्क दस्ताना एवं सेनिटाइजर आवश्यक रूप से उपयोग करने का निर्देश दिया गया है। बहाली में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी द्वारा कोविड-19 मुक्त अथवा असंक्रमित प्रमाण पत्र जो राज्य/जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा 48 घंटे पूर्व जारी किया गया हो और नो रिस्क प्रमाण पत्र पेश करना आवश्यक होगा। प्रमाण पत्र का प्रारुप सेना भर्ती कार्यालय रांची अधिसूचना में उल्लेखित है। सेना बहाली को लेकर वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। www.joinindianarmy.nic.in पर बहाली से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।