उत्तर प्रदेश में 5 नए रूट पर शुरू हुई हवाई सेवा, जानें विस्‍तार से

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। सूबे में 5 रूट पर हवाई सेवा शुरू हुई। राजधानी लखनऊ के लिए विमान सेवा की शुरुआत हुई है। एलाइंस एयर (एयर इंडिया) की गोरखपुर-लखनऊ पहली फ्लाइट को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नागरिक, उड्डयन व शहरी विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी ने हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के विस्तार का शिलान्यास भी किया।

सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर के साथ उत्तर प्रदेश के 5 हवाईअड्डों से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू हो रही है। होली के अवसर पर यूपी से 7 नए रूट्स पर हवाई सेवा की सौगात मिली है। इनमें से 5 की शुरुआत 28 मार्च को हुई तो 2 रूट्स पर उड़ान की सेवा कल 29 मार्च सोमवार से शुरू होगी। आज गोरखपुर से लखनऊ (एलायंस एयर-एयर इंडिया) की उड़ान के साथ ही प्रयागराज-भोपाल (इंडिगो), प्रयागराज-भुवनेश्वर (इंडिगो), आगरा-भोपाल (इंडिगो) और आगरा-बेंगलुरु (इंडिगो) की फ्लाइट शुरू हुईं। सोमवार से आगरा-मुंबई (इंडिगो) और आगरा-अहमदाबाद (इंडिगो) की उड़ान प्रारंभ होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 4 वर्षों में प्रदेश में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उत्तर प्रदेश 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट देने वाला प्रदेश बन रहा है, जिसमें 2 क्रियाशील हैं और 3 पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी यात्री मिलेंगे, वहां से उड़ान की सुविधा दी जाएगी। इसी कड़ी में ललितपुर, झांसी, सोनभद्र, श्रावस्ती, अलीगढ़ और मुरादाबाद में हवाई सेवा शुरू करने का कार्य चल रहा है। सीएम ने कहा कि मेरठ से दिल्ली रैपिड रेल का काम तेजी से जारी है। गोरखपुर में मेट्रो ट्रेन की कार्ययोजना पर काम चल रहा है। वाराणसी और प्रयागराज को लाइट मेट्रो रेल की सौगात मिलने जा रही है।