रांची। कोरोना के बढ़ते संक्रमण की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। दुकान और प्रतिष्ठानों में कोविड-19 से संबंधित केंद्र/राज्य सरकार द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के पालन को लेकर जांच की जा रही है। इसी क्रम में 18 मार्च, 2021 को रांची अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती समीरा एस और कार्यपालक दंडाधिकारी राकेश रंजन उरांव ने शहर में विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की।
पदाधिकारियों द्वारा हरिओम टावर, न्यूक्लियस मॉल, अटल वेंडर मार्केट, सर्कुलर रोड की विभिन्न दुकानों की जांच की गयी। जांच के क्रम में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी दिशा निर्देशों का उल्लंघन करने पर दुकानों को नोटिस देते हुए बंद करा दिया गया।
जांच के क्रम में 16 दुकानों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाया गया। इन सभी दुकानों/प्रतिष्ठानों को नोटिस दिया गया। न्यूक्लियस मॉल के 3, पंचवटी प्लाजा के 4, अटल वेंडर मार्केट के 3, हरिओम टावर के 3 और सर्कुलर रोड के 3 दुकानों को नोटिस दिया गया। सभी को सख्त चेतावनी दी गयी कि भविष्य में दिशा निर्देशों का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के कार्रवाई की जायेगी।
अनुमंडल पदाधिकारी और कार्यपालक दंडाधिकारी द्वारा सर्कुलर रोड पर लगाये विभिन्न मोबाइल एसेसरीज स्टॉल और खोमचे वालों की भी जांच की गयी। सभी को मास्क के इस्तेमाल, सोशल डिस्टेंसिंग और सेनिटाइजर का उपयोग करने का आदेश दिया गया।