रांची। मौसम ने राहत दी है। अब एक दिन बारिश होगी। अगले 48 घंटों के दौरान झारखंड के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग ने दी है।
मौसम विभाग ने 6 फरवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दिन राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कहीं-कहीं गर्जन और ठनका (वज्रपात) भी गिर सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार इसका असर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लातेहार और लोहरदगा में देखने को मिलेगा। पहले 5 फरवरी को भी बारिश होने के संकेत थे।
विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी।