जंगल में पेड़ से लटकता मिला युवक-युवती का शव, सामने आई ये बातें

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्ठ

बोकारो। जिले के आईएल थाना से सटे बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी स्थित कोड़वा जंगल में पेड़ से लटकी युवक-युवती की लाश मिली। घटना मंगलवार शाम की है। लोगों ने शव बुधवार की सुबह देखा। फिर पुलिस को इसकी सूचना दी।

मृतकों की पहचान नरकी कला निवासी कृष्णा उर्फ शिबू करमाली (18) और बेबी कुमारी (16) के रूप में की गई। बताया जाता है कि दोनों में ही कुछ सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी। इसी बीच बेबी के पिता ने बिहार के बरौनी में दूसरे लड़के से उसकी शादी तय कर दी। जब इसकी जानकारी बेबी को हुई, तब उसने अपने प्रेमी को इस बारे में बताया।

इसके बाद प्रेमी जोड़े ने जान देने की योजना बनाई। मंगलवार की शाम बेबी अपने प्रेमी कृष्णा के साथ भाग गई और कोड़वा जंगल में पहुंची। यहां दोनों ने साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया। कृष्णा के छोटे भाई ने दोनों को जंगल की ओर जाते देखा था। जब रात भर कृष्णा घर नहीं आया, तब छोटे भाई ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। लोग जंगल में पहुंचे। वहां दोनों की लाश लटकती मिली।

इस संबंध में बिष्णुगढ़ थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि दोनों प्रेमी युगल लड़की की शादी तय होने से नाखुश है। घर से भागकर दोनों ने खुदकुशी कर ली।