प्रशांत अंंबष्ठ
बोकारो। दामाद ने ससुराल वालों को फोन कर घर बुलाया। सभी लोग घर आये तो नजारा देखकर दंग रहे गये। बेटी वहां अचेत पड़ी थी। सिर से खून बह रहा था। दामाद मौके से फरार था। आनन-फानन में सभी उसे अस्पताल ले गये।
घटना जिले के गोमिया के गांधीनगर थाना क्षेत्र के कुरपनीया राय साहब फाइल में घटी। यहां रहने वाले दिलीप निषाद अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हो गया है। 34 वर्षीय सावित्री देवी को गंभीर अवस्था में उसके मायके वाले ढोरी केंद्रीय अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके वालों ने बताया कि उसके सिर में गंभीर चोटें आई थी। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून गिरा हुआ था। पास ही कुदाल और लोहे की रड पड़ी थी। पास रखा हीटर भी टूटा हुआ मिला।
मृतका के पिता और भाई ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान दिलीप यही रहता था। उसके लिए अलग घर की व्यवस्था कर दी गई थी। वह अक्सर शराब, गांजा का नशा करता था। सुबह फोन कर बताया कि घर आओ। जब घर पहुंचे, तब देखें की बहन घायल अवस्था में रसोई में पड़ी हुआ है। दिलीप वहां नहीं था। वह ऑटो लेकर भाग गया।
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे गांधीनगर थाना के एएसआई पीके सिंह और सदन हसदा ने बताया कि महिला की हत्या हुई है। पति फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।