रांची। वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति रांची द्वारा कचहरी चौक स्थित सुविधा केंद्र के बगल में दूसरी सीता रसोई केंद्र (सस्ती रोटी) की शुरुआत की गई। सांसद संजय सेठ एवं वरिष्ठ समाजसेवी विनय मोदी ने संयुक्त रूप से इसका शुभारंभ किया। संस्था के ललित कुमार पोद्दार ने बताया कि इस संस्था का उद्देश्य आम जनों को शुद्ध शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराना है। जल्द इसकी 5 शाखाएं खोली जाएंगी।
श्री सेठ ने कहा कि यह एक ऐसी पहल है, जो हर वर्ग, हर समाज के लोग नहीं कर सकते हैं। इसे वरिष्ठ नागरिक समिति ने कर दिखाया है। समिति को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मंच संचालन सुरेश चंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने सांसद से अनुरोध किया कि सुविधा केंद्र के बगल मौजूद जगह को सीता रसोई के लिए उपलब्ध कराएं, ताकि इसकी सुविधा को और बढ़ाया जा सकें। धन्यवाद संस्था के सचिव कौशल राजगढ़िया ने किया। उन्होंने सांसद से सदर अस्पताल परिसर में 1000 स्क्वायर फीट जगह उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उस जगह पर नवनिर्माण कर सेंट्रल ऑफिस, किचन सह वितरण केंद्र बना लेंगे। 24 घंटे यह सुविधा सदर अस्पताल परिसर में आम जनों के लिए उपलब्ध कराएंगे।
निरंजन सर्राफ ने बताया कि सीता रसोई में 10 रुपये में प्रतिदिन सुबह 11 से संध्या 4 तक 6 रोटी, सब्जी और आचार दिया जाएगा। सीता रसोई के सफल संचालन के लिए स्वर्गीय कंचन देवी गौरी प्रसाद सिंघानिया के परिवार के सदस्यों द्वारा एक रिक्शा उपलब्ध कराया गया। इससे सीता रसोई का वितरण किया जाएगा।
आज के कार्यक्रम में काशी प्रसाद टिबरेवाल, सुरेश चौधरी, बेनी प्रसाद परसरामपुरिया, हेमेंद्र सिंह, काशी कनोई, बीपी भुवालका, आसाराम राठी, अनिल अग्रवाल, विजय छपरिया, कैलाश सिंघानिया, ओम मुरारका, ओम प्रकाश अग्रवाल, रमेश शर्मा, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, भरत बंका, मानिक चंद जैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।