मुंबई। सातारा जिले में पुणे-बंगलुरु महामार्ग पर दो वाहनों की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना में घायल 9 लोगों का इलाज कराड के कृष्णा अस्पताल में हो रहा है। घायलों में तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। कराड पुलिस स्टेशन की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात पुणे-बंगलुरु महामार्ग पर सातारा जिले के नारायणवाडी गांव के पास इनोवा व स्विफ्ट कार आपस में टकरा गई। इस घटना में स्वप्निल चंद्रकांत शिंदे (28), राहुल प्रल्हाद दोरगे (28) व रविराज रामचंद्र सालुंखे (29) की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे में गणेश काले (28), बालासाहेब गदले (31), तुषार गावडे (23), आदित्य ओमासेे (16), चंद्रकांत तावरे (76), पूजा ओमासे (40), भरत ओमासे (45), शेजल ओमासे (18) व एक अन्य व्यक्ति घायल हैं। सभी घायलों को तत्काल सातारा जिले की कराड तहसील के कृष्णा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इनोवा व स्विफ्ट कार कोल्हापुर से पुणे की ओर जा रही थीं। दोनों वाहन ओव्हरटेकिंग की वजह से नारायणवाड़ी गांव के पास आपस में टकरा गए। मामले की गहन छानबीन जारी है।