Jharkhand : शीतलहर का प्रभाव, सामान्‍य से 8 डिग्री तक कम रहा तापमान

झारखंड मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

  • चाईबासा और डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 5.8 और कांके का 2.0 डिग्री सेसि पहुंचा

रांची। शीतलहर चलने के कारण राज्‍य के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई शहर का न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से 8 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य में सबसे कम तापमान चाईबासा और डालटनगंज में 5.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग ने बुलेटिन में दी है। रांची से सटे कांके का न्यूनतम तापमान घटकर 2.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

अधिकतर शहरों में कम तापमान

राज्‍य के अधिकतर शहरों में सामान्‍य से कम न्‍यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। रांची में सामान्‍य से 4.6, जमशेदपुर में 4.9, डालटनगंज में 4.6, बोकारो में 3.5 और चाईबासा में सामान्‍य से 7.7 डिग्री सेल्सियस तापमान कम है।

यहां हल्की बारिश संभव

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 2 से 4 फरवरी तक सुबह में कोहरा या धुंध रहेगा। बाद में आसमान साफ हो जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक 5 फरवरी को लातेहार और लोहरदगा में बारिश हो सकती है। इसी तरह 6 फरवरी को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

बीते 24 घंटे का हाल

पिछले 24 घंटे में राज्य के दक्षिणी (जमशेदुपर) और उत्तर-पश्चिमी (डालटनगंज) और मध्‍य (रांची) भागों में कहीं-कहीं शीत लहर चली। चाईबासा में एक-दो स्थानों पर भीषण शीत लहर की स्थिति बनी। सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान चाईबासा और डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कांके का तापमान गिरा

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विभाग के मुताबिक कांके का न्यूनतम तापमान 1 फरवरी को 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 31 जनवरी को 3.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। यह 30 जनवरी को 4 डिग्री और 29 जनवरी को यहां का तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस था।

विभिन्न शहरों का न्यूनतम

शहर             29 जनवरी               01 फरवरी

रांची              12.5                       6.3

जमशेदपुर     11.3                       8.2

डालटनगंज    10.5                       5.8

बोकारो          9.1                         6.1

चाईबासा       10.8                       5.8

पाकुड़           9.6                         8.7

(नोट : तापमान एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग के हैं। आंकड़ा डिग्री सेल्सियस में)