रांची। श्री रामचंद्र मिशन, यूनाइटेड नेशन इनफार्मेशन सेंटर फॉर इंडिया एंड भूटान और हर्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में वर्ष 2019 से राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न विषयों पर हर्टफुलनेस निबंध लेखन प्रतियोगिता हो रही है। विगत वर्ष संस्थाओं ने सितम्बर में हर्टफुलनेस निबंध लेखन प्रतियोगिता-2020 का आयोजन किया गया था। इसमें राज्य के एकमात्र फिशरीज कॉलेज, गुमला के तीन छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
सह प्राध्यापिका श्वेता कुमारी ने बताया कि प्रतियोगिता में कॉलेज के तीन छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रविवार को संस्था के द्वारा जारी रिजल्ट में कॉलेज के तृतीय पाठ्यक्रम सत्र की प्रियंका कुमारी ने द्वितीय एवं प्रभात सुमन को तृतीय स्थान मिला है। चतुर्थ पाठ्यक्रम सत्र के राज नंदिनी ने छठा स्थान प्राप्त किया है। निबंध का विषय ‘गरीबी केवल धन का आभाव नहीं’ था।

यह प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की गयी। प्रथम श्रेणी में कक्षा 9 से 12 तक और द्वितीय श्रेणी में स्नातक/स्नातकोत्तर छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर पर अंग्रेजी एवं हिंदी तथा क्षेत्रीय स्तर पर गुजराती, कन्नड़, बंगाली, पंजाबी, तमिल आदि स्थानीय भाषाओं में आयोजित की गयी थी। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर 10 सर्वश्रेष्ठ निबंध का चयन किया गया।
बताते चले कि बिरसा कृषि विश्वविद्यालय अधीन संचालित झारखंड के इस एकमात्र फिशरीज कॉलेज में वर्ष 2017 से पढाई प्रारंभ है। वर्तमान में इस कॉलेज में 84 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने इस नए कॉलेज के छात्र-छात्राओं के बढ़िया प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है। कॉलेज के एसोसिएट डीन डॉ एके सिंह और सह प्राध्यापकों में श्वेता कुमारी, ओम प्रवेश कुमार एवं निकिता स्वरूप ने भी छात्रों को व्यक्तिगत रूप से बधाई दी।