भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष को किसानों की समस्‍याएं बताई जिलाध्‍यक्ष ने

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सह भाजपा नेता रामलला दुबे ने रांची स्थित पार्टी कार्यालय आयोजित कार्यसमिति की बैठक में किसानों की समस्याएं उठाई। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें जिले में धान खरीद के नाम पर व्याप्त भ्रष्‍टाचार का मामला उठाया है। उन्‍होंने कहा कि धान क्रय केंद्र सप्ताह में एक-दो दिन खुल रहा है। ऐसे में कई किसान धान की बिक्री करने से वंचित रह जा रहे हैं।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिले में नीलगायों द्वारा फसलों को व्‍यापक नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कड़ी मेहनत कर किसान किसी प्रकार से फसल उपजा रहे हैं। नीलगाय उसे चट कर जा रहे हैं। इस समस्या से अवगत कराते हुए कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, किंतु आज तक इसका निदान नहीं किया गया।

श्री दुबे ने अवगत कराया कि‍ जिले के सभी गांव में बिजली नहीं मिल पाई है। कहीं मीटर लगा है तो कहीं कनेक्शन ही नहीं दिया गया है। फिर भी बिल लिया जा रहा है। नहीं देने पर एफआईआर कर मोटी रकम की उगाही की जा रही है।