रामगढ़। पुल पर चढ़कर एक युवक ने अचानक छलांग लगा दी। छलांग लगाता देख स्थानीय लोग घटना स्थल पर दौड़े। उसे निकालने का प्रयास करने लगे। सूचना मिलते पुलिस भी मौके पर पहुंची।
यह वाक्या झारखंड के रामगढ़ जिले के थाना चौक के समीप के घटी। शनिवार को आत्महत्या करने के उद्देश्य से एक युवक दामोदर पुल की रेलिंंग पर चढ़ गया। इसके बाद उसने अचानक छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए स्थानीय लोग नदी की ओर दौड़ पड़े।
लोगों ने पुलिस को भी इसकी सूचना दी। मौके पर रामगढ़ थाना प्रभारी पहुंचे। छलांग लगाने के बाद युवक नदी के गहरे पानी के बीच चट्टान में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद पतरातू डैम से गोताखोर बुलाकर उसे निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
तलाशी लेने के बाद पुलिस को मृतक के पैंट के पॉकेट से एक परिचय पत्र मिला है। इससे उसकी पहचान बरकाकाना के पोचरा निवासी लाल बहादुर यादव के बेटे कन्हैया यादव के रूप में हुई है।