अभिनेता राजीव कपूर के निधन पर शोक में डूबा बॉलीवुड

मनोरंजन
Spread the love

फिल्म अभिनेता राजीव कपूर मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 58 साल के थे। उनके आकस्मिक निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर फैल गई है। हर कोई उनके निधन से स्तब्ध है। मनोरंजन जगत की तमाम छोटी-बड़ी हस्तियां सोशल मीडिया के जरिये उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रही हैं। दिग्गज गायिका लता मंगेशकर ने राजीव कपूर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा-‘मुझे अभी पता चला कि राज कपूर साहब के छोटे बेटे, गुणी अभिनेता राजीव कपूर का आज स्वर्गवास हो गया। सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। यही मेरी प्रार्थना है।’

सनी देओल ने लिखा- ‘राजीव कपूर के निधन की ख़बर सुनकर सदमे में हूं। कपूर फैमिली के लिए मेरी संवेदनाएं।’

अभिनेता संजय दत्त ने लिखा-‘राजीव कपूर के निधन की ख़बर सुनकर पूरी तरह टूट गया हूंँ। बहुत जल्दी चले गये। दुख की इस घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं कपूर फैमिली के साथ हैं। ओम शांति।’

दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने लिखा-‘राजीव कपूर के निधन का सुनकर बहुत दुख हुआ।उनके निर्देशन में बनी फ़िल्म ‘प्रेम ग्रंथ’ में काम किया था। वह एक गुणी डायरेक्टर थे। उनके व्यक्तित्व को क़रीब से जानने का मौका भी मिला। एक ज़िंदादिल और ख़ुशमिज़ाज इंसान थे! प्रभु उनके परिवार वालों को इस दुख से जूझने की ताक़त दे। ओम शांति।’

मधुर भंडारकर ने लिखा- ‘एक्टर और डायरेक्टर राजीव कपूर के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। पूरे कपूर परिवार को मेरी दिली संवेदनाएं।’

अभिनेता तुषार कपूर ने लिखा-‘राजीव कपूर के निधन से दुखी! परिवार के प्रति गहरी संवेदना! उनकी आत्मा को शांति मिले। ‘

इन सब के अलावा माधुरी दिक्षित, पायल घोष, अमिषा पटेल समेत मनोरंजन जगत की तमाम छोटी-बड़ी हस्तियों ने राजीव कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।