
मुंबई। टाटा स्टील को एथिस्फेयर ने ‘2021 वर्ल्ड मोस्ट एथिकल कंपनीज’ के रूप में सम्मानित किया है। कंपनी को यह सम्मान 10वीं बार मिला है। धातु, खनिज और खनन उद्योग की केवल तीन कंपनियों को यह सम्मान मिला है। इसमें से एक टाटा स्टील है। 2021 में 22 देशों और 47 उद्योगों में फैले 135 संस्थानों को यह सम्मान मिला है। यह सम्मान असाधारण कार्यक्रमों और व्यावसायिक ईमानदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धत चुनिंदा कंपनियों को दिया जाता है।
टाटा स्टील के सीईओ और एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा कि यह वास्तव में एथिस्फेयर द्वारा दुनिया की सबसे नैतिक कंपनियों में से एक के रूप में सम्मान पाना बड़े गर्व की बात है। आज टाटा स्टील जैसी कंपनियों पर बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। इसलिए उच्चतम स्तर के नैतिक मानकों के अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। विभिन्न नीतियों और पहलकदमियों समेत हमने मजबूत आंतरिक प्रणालियां बनाई हैं। वह यह सुनिश्चित करती हैं कि नैतिक तरीके से व्यापार करने के लिए वैश्विक और क्षेत्रीय मानकों को समझना और कायम रखने के अभ्यास को पूरी कंपनी एवं दुनिया भर में अपनाया जाए। यह सम्मान हमें सर्वोच्च नैतिक मूल्यों, पर्यावरण और अपने लोगों और समुदाय के कल्याण पर अपना ध्यान केंद्रित कर सस्टेनेबल विकास की दिशा में आगे की यात्रा के लिए प्रोत्साहित करती है।
टाटा स्टील के चीफ एथिक्स काउंसेलर सोनी ने कहा कि दसवीं बार दुनिया की सर्वाधिक नैतिक कंपनियों में से एक के रूप में एथिस्फेयर इंस्टीट्यूट द्वारा मान्यता मिलने से हमें बेहद प्रसन्नता हो रही है। नैतिकता पर टाटा स्टील का कोड कंपनी के दर्शन, विश्वास और मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है, जो हमारे स्टेकहोल्डरों के विश्वास का सबसे महत्वपूर्ण कारण है। हम टाटा स्टील में अपने निर्णयों और दैनिक आचरण के माध्यम से ‘एथिकल कोड ऑफ कंडक्ट’ का प्रदर्शन कर इसके अनुकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
एथिस्फेयर के सीईओ टिमोथी एर्ब्लिच ने कहा कि 2020 की कठिन चुनौतियों से निपटते हुए हमने देखा कि नैतिकता और ईमानदारी के प्रति अपने लचीलेपन व अपनी प्रतिबद्धता के माध्यम से स्टेकहोल्डरों के विश्वास के निर्माण को आगे बढ़ाया है। दुनिया की सर्वाधिक नैतिक कंपनी का सम्मान पाने वाली कंपनियां उच्चतम मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता दिखा रही है। समुदायों की सेवा को सकारात्मक रूप से प्रभावित कर रही हैं। पिछले एक दशक में लगातार दुनिया की सर्वाधिक नैतिक कंपनी का ‘तमगा’ अर्जित करने के लिए टाटा स्टील में सभी को बधाई। यह मील का पत्थर टाटा स्टील के लोकाचार और उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर जारी प्रयास का एक सच्चा प्रतिबिंब है।
नैतिक आचरण टाटा स्टील के व्यापार दर्शन की अंतर्निहित तत्व है और स्थापना के बाद से इसकी विरासत का हिस्सा रहा है। जैसा कि संस्थापक जमशेदजी टाटा द्वारा कल्पना की गई थी, जो मानते थे कि एक व्यवसाय को इस तरह से संचालित करना चाहिए कि वह अपने सभी स्टेकहोल्डरों के अधिकारों का सम्मान करता है और समाज के लिए समग्र मूल्य बनाता है। प्रत्येक वर्ष, टाटा स्टील अपनी नैतिक संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए जुलाई महीने को ’नैतिकता माह’ के रूप में मनाता है।