नानी पर हमले के बाद अपहृत चार वर्षीय नाती की हत्‍या

अपराध बिहार
Spread the love

औरंगाबाद के उपहारा थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने एक घर में घुसकर एक महिला को तेज धारदार हथियार से मारकर जख्‍मी कर दिया। साथ ही महिला के नाती को अगवा कर लिया। बाद में बच्‍चे का शव बरामद किया गया। इस घटना से सनसनी फैल गई।

दुस्‍साहसपूर्ण इस घटना से लोग सकते में हैं। पीड़‍ित महिला स्‍व मुन्‍ना सिंह की पत्‍नी रंजू देवी की स्थिति गंभीर बनी है। उनके चार वर्षीय नाती धैर्य कुमार की हत्‍या कर दी गई। पुलिस छानबीन कर रही है।

बता दें कि रंजू देवी अपने नाती के साथ सोयी थीं। देर रात किसी समय उनपर हमला किया गया। धारदार हथियार से सिर एवं गर्दन पर वार किए जाने के कारण वे बेहोश होकर गिर पड़ीं।

बगल के कमरे में सोए महिला के बेटे रोहित कुमार को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह करीब सात बजे रोहित की नींद खुली तो घर में सन्‍नाटा पसरा देखा। इसके बाद वह मां के कमरे में गया तो वहां का नजारा देख सन्‍न रह गया।

मां खून से लथपथ होकर बेहोश गिरी थीं। पास में भांजा भी नहीं था। रोहित के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। रंजू देवी को आनन-फानन में पीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

दाउदनगर एसडीपीओ राजकुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की तहकीकात की। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस पारिवारिक विवाद के बिंदुओं पर भी जांच-पड़ताल कर रही है।

जल्‍द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। बहरहाल मासूम बच्‍चे की हत्‍या से लोग सन्‍न हैं।