अरविंद अग्रवाल
पलामू। जिले के हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र स्थित राधा रानी मैदान में 16 जनवरी को राजद कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें छत्तरपुर अनुमंडल क्षेत्र से विभिन्न गांवों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि हुसैनाबाद के पूर्व विधायक संजय सिंह यादव थे। कार्यक्रम में बिहार के मशहूर व्यास सुदर्शन यादव एवं गोपाल यादव ने अपने मधुर संगीत से लोगों का दिल जीता।
कार्यकर्ताओं से संजय सिंह यादव ने कहा कि लालू यादव एक विचारधारा ही नहीं है। लालू गरीबों की आत्मा, दलितों के मसीहा हैं। उनके शासनकाल में पदाधिकारी गरीबों की सुना करते थे। आज की सरकार में पदाधिकारी जनता के शासक बन चुके हैं। केंद्र सरकार से लोग त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में आने वाला समय राजद का है। तेजस्वी यादव राज्य के अगले सीएम होंगे।
इस अवसर पर छात्र राजद पलामू जिला अध्यक्ष आनंद यदुवंशी, छात्र नेता हरि दर्शन सिंह राजपूत ने सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में बहुत से नेताओं ने अपनी-अपनी बातें रखी। मौके पर राजद युवा अध्यक्ष फैज उल हक राशिद, रामनाथ चंद्रवंशी, विश्वनाथ, मदन पासवान, युवा नेता प्रकाश राम, छतरपुर प्रखंड अध्यक्ष ललित यादव सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद थे।