देशव्यापी सत्याग्रह के तहत झारखंड के 19 जिलों में दी गिरफ्तारी

मुख्य समाचार
Spread the love

सीटू ने किसान आंदोलन के समर्थन में दूसरा मोर्चा खोला

रांची। सीटू के देशव्यापी सत्याग्रह के आह्वान पर झारखंड के 19 जिलों में दो हजार से ज्यादा लोगों ने गिरफ्तारी देकर किसान आंदोलन के समर्थन में दूसरा मोर्चा खोला। किसान और कृषि कानूनों एवं चार लेबर कोड को अविलंब निरस्त किए जाने, निजीकरण पर रोक लगाने, युवाओं को रोजगार देने समेत 10 सूत्री मांगों को लेकर सत्याग्रह कर गिरफ्तारी दी।
राजधानी रांची में सीटू कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल परिसर से जुलूस निकाला। नारे लगाते हुए रांची समाहरणालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। इसमें निर्माण कामगार बड़ी संख्या में शामिल हुए। बाद में कोतवाली पुलिस द्वारा 254 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जयपाल सिंह स्टेडियम ले जाया गया। दोपहर को सभी को रिहा कर दिया गया।
सत्याग्रह आंदोलन का नेतृत्व प्रकाश विप्लव, झारखंड राज्य निर्माण कामगार यूनियन के महासचिव महेश मुंडा, अनिर्वान बोस, सुरजीत सिन्हा, सुरेश मुंडा, सुभाष मुंडा, मधु कच्छप, कपिल महतो, प्रफुल्ल लिंडा, विरेंद्र कुमार, वीणा लिंडा, रेणु प्रकाश और बिरसा मुंडा कर रहे थे।
आंदोलन के अगले चरण मे 9 जनवरी से मजदूर-किसान पदयात्रा और 16 जनवरी से 20 जनवरी तक सभी जिलों में जत्था निकाला जायेगा। 23 जनवरी को राजभवन मार्च आयोजित होगा।

ये हे मांगें
सभी 4 लेबर कोड निरस्त करो
किसान और 3 कृषि कानून रद्द करो
बिजली संशोधन विधेयक 2020 वापस लो

निजीकरण पर रोक लगाओ
आयकर के दायरे से बाहर सभी परिवारों के बैंक खाते मे प्रत्येक महीने 7500 रुपये नकद ट्रांसफर करो
सभी जरूरतमंदों को प्रत्येक माह प्रति व्यक्ति 10 किलोग्राम अनाज दिया जाना सुनिश्चित करो
मनरेगा में 200 दिनों के काम की गारंटी करते हुए 700 रुपये प्रतिदन मजदूरी का भुगतान करो। शहरी क्षेत्र मे निश्चित रोजगार गारंटी योजना के रूप में विस्तार करो
नयी पेंशन योजना को निरस्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू करो
सभी के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करो
सभी के लिए नि:शुल्क सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा और देखभाल की गारंटी करो