- बंद में शामिल दलों ने राज्य की जनता को दी बधाई
रांची । किसान संगठनों के भारत बंद को लेकर झारखंड में लोग सड़क पर उतरे। जगह-जगह पर धरना प्रदर्शन किये गये है। झारखंड से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन को ठप किया गया। बंद के कारण किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। बंद में शामिल दलों ने बंद को सफल बनाने के लिए राज्य की जनता को बधाई दी है।
माकपा के प्रकाश विप्लव ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लाये गए खेती और किसान विरोधी तीन कृषि कानूनों को रद्द करने और बिजली (संशोधन) बिल वापस लिए जाने की मांग को लेकर आयोजित भारत बंद को झारखंड मे अभूतपूर्व रहा। इसे सफल बनाने के लिये वाम और धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक पार्टियां राज्य की जनता को बधाई देती है। यह बंद पूरी तरह स्वत: स्फूर्त और शांतिपूर्ण था।
पूरे राज्य में साहेबगंज से लेकर गढ़वा तक और पश्चिमी सिंहभूम से लेकर कोडरमा तक बंद का व्यापक असर रहा। झारखंड से गुजरने वाले तमाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक वाहनों का आवागमन ठप रहा। बड़े और छोटे सभी प्रकार के प्रतिष्ठान और दुकान बंद रहे। कोयला, लौह अयस्क और बाक्साइट की ढुलाई बुरी तरह प्रभावित हुई।
राजधानी रांची मे बंद का व्यापक असर रहा, क्योंकि चैंबर ऑफ कॉमर्स को छोड़कर अन्य सभी व्यवसायिक और ट्रेडर संगठनों ने बंद का समर्थन करते हुए अपने सदस्यों से काम बंद रखे जाने की अपील की थी। इसके चलते राजधानी के सभी बड़े और छोटे दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी। कई जगह जुलूस भी निकाला गया। माकपा, भाकपा, भाकपा (माले), मासस और फारवर्ड ब्लॉक सहित अन्य धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक पार्टियों ने अपने- अपने पार्टी कार्यालयों से जुलूस निकाल कर मेन रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पर आकर धरने पर बैठ गए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से माकपा के गोपीकांत बक्शी, प्रकाश विप्लव, सुखनाथ लोहरा, मो इकबाल, समीर दास, सुरेश मुंडा, सुभाष मुंडा, प्रफुल लिंडा, भाकपा के अजय सिंह, एके रसीदी, उमेश नजीर और फरजाना फारुकी, भाकपा (माले) के जनार्दन प्रसाद, भुवनेश्वर केवट, मासस के सुशांत मुखर्जी, राजद के अभय सिंह, राजेश यादव और अनिता यादव समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के कई नेता शामिल थे।
किसान संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद के मद्देनजर झारखंड पुलिस द्वारा राज्य में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। पुलिस के मुताबिक राज्य के किसी भी जिले से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं प्राप्त हुई है। बंद समर्थकों द्वारा धनबाद के गोविंदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर, हजारीबाग के बरही चौक, डिस्ट्रिक चौक पर गाड़ियों का परिचालन बंद कराने का प्रयास किया गया। उसे पुलिस ने जाकर तत्परतापूर्वक वहां वाहनों का परिचालन प्रारंभ कराया। इसके अतिरिक्त पलामू, लातेहार, चतरा, गिरिडीह, सरायकेला, दुमका, पाकुड़ में बंद समर्थकों द्वारा सड़क जाम किया गया। उसे पुलिस ने जाकर समाप्त कर कराया। गुमला में 108, जमशेदपुर से 125 और धनबाद से 135 बंद समर्थकों की गिरफ्तारी हुई।