रांची । पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल झारखंड के मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात डीएसपी का बॉडीगार्ड बीते तीन साल से फरार है। वह अपने साथ 9 एमएम पिस्टल और 30 जिंदा गोली भी ले गया है। अब उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात डीएसपी का बॉडीगार्ड राजू कुमार एक 9 एमएम पिस्टल और 30 जिंदा गोलियां लेकर भाग गया। वह तीन साल पहले गायब हुआ था। इस बात का खुलासा डीएसपी अविनाश कुमार से पूछताछ में हुआ। उनसे पूछा गया था कि आपका बॉडीगार्ड राजू कहां है। जवाब में डीएसपी ने कहा कि मेरा तबादला 12 जून, 2017 को सरायकेला हो गया था। उसी दिन राजू को रांची पुलिस लाइन में योगदान देने की बात कहकर वापस भेज दिया था।
पुलिस लाइन में योगदान देने के बजाय राजू गायब हो गया। उसके बाद से सिपाही राजू (संख्या 713) की अब तक कोई खबर नहीं है। बॉडीगार्ड के फरार हो जाने की खबर मिलने के बाद रांची पुलिस खलबली मच गई। आनन-फानन में एएसआई मिथिलेश कुमार सिंह और भीम सिंह को राजू को खोज निकालने की जिम्मेवारी सौंपी गई।
राजू का घर रांची के कांटाटोली में है। यहां से पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। सर्विस बुक में दर्ज पता और ठिकाना का भी सत्यापन नहीं हो सका। रांची पुलिस लाइन के शस्त्रागार प्रभारी दशरथी मुर्मू के बयान पर गोंदा थाने में 4 दिसंबर 2020 को FIR दर्ज किया गया।