जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में खून दिलाने के नाम पर ठगी की जा रही है। पुलिस ने दो ठगों को गिरफ्तार किया है। दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ब्लड दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले के आरोप में सत्येंद्र दुबे और राजा मुखी नामक दो युवक को गिरफ्तार किया गया।
इनके खिलाफ सुंदरनगर की रहने वाली एक महिला ने ब्लड देने के नाम पर ठगी का मामला दर्ज कराया है।महिला ने पुलिस को बताया कि उसके रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें खून की आवश्यकता थी। वह ब्लड बैंक गई। वहां बाहर दो लोग उसे मिले। महिला ने बताया कि उन व्यक्तियों ने कहा कि 2200 रुपया लगेंगे और उन्हें खून मिल जाएगा। उस महिला ने उन्हें पैसा दे दिया और पैसा लेकर दोनों गायब हो गए। सीसीआर डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी करने वाले सत्येंद्र दुबे और राजा मुखी को गिरफ्तार किया है।