जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्‍कान लाने के लिए शुरू हुई अनूठी मुहिम

झारखंड सरोकार
Spread the love

  • वन मिलियन स्माइल्स के तहत गर्म कपड़े और जरूरी समान पहुंचाने का लक्ष्‍य

रांची। जिले के एक दर्जन से अधिक सामाजिक संगठनों ने एकजुटता के साथ नई मुहिम की शुरुआत की है। मुहिम का नाम ‘वन मिलियन स्माइल्स’ रखा गया है। इस व्यापक मुहिम के माध्यम से 10 लाख (1 मिलियन) यूनिट्स (स्वेटर, कंबल, गर्म टोपी, गर्म मोजे, मास्क आदि) के जुटाने और उन्हें सुपात्र जरूरतमंदों के बीच बांटने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रांची उपायुक्त छवि रंजन की अपील पर सामाजिक संगठन इस मुहिम में जुड़े हैं।

उक्त निर्णय बुधवार को विभिन्न संगठन के प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अफसरों के साथ हुई बैठक के दौरान सर्वसम्मति से हुआ। उक्त अभियान के तहत कोई भी सहभागी संस्था या आम नागरिक नए या पुराने कपड़े या अन्य वस्तुयें दान कर सकेगे। संग्रहि‍त किए गए कपड़ों आदि को समुचित सेनि‍टाइज करके जरूरतमंद लोगों के बीच बांटा जाएगा। मुहिम के समन्वयक संजय कुमार ने बताया कि रांची के शहरी क्षेत्र के अलावा विभिन्न प्रखंडों में भी संग्रह और वितरण के लिए केंद्र बनाए जा रहे हैं।

बैठक में उप समाहर्ता संजय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रभात शंकर के अलावा राउंड टेबल इंडिया, लाइव सेवर्स, डॉक्स, रोटरैक्ट क्लब, फालेन लीव्स, बीएनआई, झारखंड चैंबर, रांची क्लब, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, झारखंड स्टेट काउंसिल फॉर चाइल्ड वेलफेयर, मारवाड़ी युवा मंच आदि की मौजूदगी रही।

पहले दिन शहरी क्षेत्र में 20 कलेक्शन केंद्र चिंहित

फिलहाल 20 कलेक्शन सेंटर निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों में स्पाईकर (लालपुर), फिरायालाल शोरूम (अल्बर्ट एक्का चौक), लुक्स सैलून, मारुति हाउस (चर्च कंपलेक्स), स्पाइकर (सुजाता चौक), स्प्रिंग सिटी (हिनू), फर्स्टक्राइ (कांके व लालपुर), रुईन हाउस (मोरहाबादी), फिरायालाल नेक्स्ट (अरगोड़ा), मोरिस बेकरी डोरंडा, हिल व्यू हॉस्पिटल बरियातू, रातू रोड गुरुद्वारा, पिस्का मोड़ आदि शामिल हैं। इच्छुक लोग यहां जरूरत की वस्तुएं (नई या पुरानी) जमा और दान कर सकते हैं। बताया गया कि शहर में 50 से अधिक ऐसे संग्रह केंद्र बनाए जा रहे हैं।