धनबाद। डीजल और विद्युत रनिंग कैडर और उनके पर्यवेक्षकों के कैडर मर्ज होंगे। इसे निर्धारित करने के लिए धनबाद मंडल के वरीय कार्मिक अधिकारी जयप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में संबंधित शाखा अधिकारी और मान्यता प्राप्त यूनियन ईसीआरकेयू के प्रतिनिधियों के बीच गुरुवार को बैठक हुई। इसमें वरीय मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) धनबाद हरिशंकर प्रसाद, सहायक कार्मिक अधिकारी त्रिलोकी नाथ वर्मा ने कैडर से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं सदस्यों के सामने रखीं। ईसीआरकेयू की तरफ से अपर महामंत्री मो ज़्याउद्दीन की अगुवाई में सहायक महामंत्री ओमप्रकाश और केंद्रीय संगठन मंत्री पीके मिश्रा ने मर्जर की परिस्थिति एवं विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि मर्जर प्रक्रिया के कारण किसी भी रनिंग कर्मचारी के हितों की हानि नहीं हो। जिन लोगों के पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है, उन्हें अपने कैडर में पहले पदोन्नति दे दी जाए, तब उनका मर्जर किया जाए। इसके साथ ही विभिन्न रोस्टर के औसत का भी ख्याल रखा जाए। रेल प्रशासन द्वारा सभी की वरीयता निर्धारित नियमों के अनुसार तय की जाए। साथ ही, कैडर मर्जर का एक कट ऑफ डेट सर्वसम्मति से निर्धारित की जाए।
मर्जर सूची जारी करने के बाद किसी भी कर्मचारी को अपना परिवाद पेश करने के लिए भी एक निश्चित तिथि निर्धारित की जाए। सभी आवश्यक प्रक्रिया विधिवत पूरी करने के बाद ही मर्जर की संयुक्त सूची को अंतिम रूप दिया जाए।
प्रशासन की ओर से विभिन्न पदों की पदोन्नति के कार्यालय आदेशों को देखा गया। विभिन्न तथ्यों पर विस्तृत चर्चा के बाद मर्जर को लागू करने के लिए एक जनवरी 2021 को कट ऑफ डेट निर्धारित किया जाना सुनिश्चित किया गया।