कभी 12 से कम मंत्रियों के होने को असंवैधानिक बताने वाले मुख्यमंत्री खुद 10 सदस्यीय मंत्रिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं : भाजपा

झारखंड
Spread the love

रांची । भाजपा ने कहा कि जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विपक्ष के नेता थे, तो रघुवर सरकार के 11 सदस्य मंत्रिमंडल को असंवैधानिक बताते थे। वह यह भी कहते थे कि 11 सदस्यीय मंत्रिमंडल संविधान के प्रावधानों के अनुसार नहीं हो सकता है। उस समय उनके अनुसार पूरे 12 मंत्रियों के मंत्रिमंडल का होना संविधान के अनुसार आवश्यक था। इस मुद्दे को उन्होंने विधानसभा और सार्वजनिक मंचों में अनेकों बार उठाया था।

श्री शाहदेव ने कहा कि‍ आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद 10 सदस्यीय मंत्रिमंडल का 2 महीने से ज्यादा समय से नेतृत्व कर रहे हैं। हाजी हुसैन अंसारी के निधन के बाद मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या मुख्यमंत्री सहित सिर्फ 10 ही रह गयी है। ऐसे भी 11 महीने की उनकी सरकार में भी कभी भी 12 मंत्री नहीं रहे हैं।

प्रदेश प्रवकता ने कहा कि‍ कल मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान के प्रति आस्था और निष्ठा की बात कही थी। हालांकि सत्ता में आते ही उनकी संविधान में दिए गए प्रावधानों की परिभाषा बदल गई है। मुख्यमंत्री ने फिर से साबित किया है कि‍ बातों से पलटने में उनका कोई जोड़ नहीं है। विपक्ष में रहते उनकी सोच सत्ता में आते ही पलट जाती है।